फतेहपुर। फतेहपुर जनपद के अमौली कस्बा स्थित बी.डी.यू. इंटर कॉलेज, अमौली में सोमवार, 4 मई 2026 को मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान में भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कक्षा पी.जी. से लेकर कक्षा 12वीं तक के विद्यार्थियों के साथ-साथ हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।
सम्मान समारोह के दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल देखने को मिला। मेधावी विद्यार्थियों को विद्यालय प्रबंधन की ओर से माला पहनाकर और ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर छात्र-छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे।
हाईस्कूल परीक्षा में श्रेया पटेल ने 94.83 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं तन्वी गुप्ता और तृप्ति ने 93 प्रतिशत अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि प्रिया शर्मा ने 91.16 प्रतिशत अंक हासिल कर तृतीय स्थान प्राप्त किया।
इंटरमीडिएट परीक्षा में कोमल वर्मा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। शिखा ने द्वितीय स्थान हासिल किया, जबकि पलक शर्मा और कोमल ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्रबंधक माननीय राजेन्द्र सिंह पटेल जी ने सभी मेधावी विद्यार्थियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की मेहनत, अभिभावकों के सहयोग और शिक्षकों के मार्गदर्शन से विद्यालय निरंतर सफलता की ओर अग्रसर है।
इस अवसर पर विद्यालय की प्रबंधिका श्रीमती सविता जी, महेन्द्र सिंह जी उर्फ पिंटू भैया, प्रधानाचार्य राम सनेही जी सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
विद्यालय में आयोजित यह सम्मान समारोह विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक रहा। सम्मान प्राप्त करने के बाद छात्र-छात्राओं में आगे और बेहतर प्रदर्शन करने का उत्साह देखने को मिला।
रिपोर्ट: निर्मित द्विवेदी गोपाल, फतेहपुर
