महाराष्ट्र के Nagpur के कामठी क्षेत्र के पास स्थित खैरी गांव में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक स्क्रैप गैरेज में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि दूर-दूर तक काले धुएं का गुबार दिखाई देने लगा।

स्थानीय लोगों के अनुसार, जिस गैरेज में आग लगी उसके पास ही गैस सिलेंडरों का गोदाम मौजूद है। ऐसे में बड़े हादसे की आशंका को देखते हुए इलाके में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि आग तेजी से फैलती चली गई और देखते ही देखते पूरे स्क्रैप गैरेज को अपनी चपेट में ले लिया। आसपास के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर हटाया गया ताकि किसी भी बड़े हादसे से बचा जा सके।

फिलहाल किसी के हताहत होने की जानकारी सामने नहीं आई है। वहीं प्रशासन द्वारा आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं और राहत एवं बचाव कार्य जारी है।

प्रशासन अलर्ट मोड पर

पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने लोगों से घटनास्थल के आसपास भीड़ न लगाने की अपील की है। गैस सिलेंडर गोदाम पास होने की वजह से सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।

🎤 रिपोर्ट: रॉबिन कुमार, नागपुर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *