सुमन कुमार दत्ता /विशाल विचार
पाकुड़ -दीपों के पर्व दीपावली जहां पूरे देश में रोशनी का प्रतीक बनकर आती है, वहीं सिद्धार्थ नगर के वार्ड संख्या 12 के निवासी इस बार इस त्योहार को अंधेरे में मनाने को मजबूर हैं।वार्ड 12 में स्थित बिजली खंभा संख्या 11 पर लगी स्ट्रीट लाइट को नगर परिषद के बिजली विभाग के कर्मचारी मरम्मत के लिए खोलकर ले गए थे, लेकिन मरम्मत के बाद उसे वापस लगाने की जरूरत शायद किसी ने महसूस नहीं की। नतीजतन, दीपावली जैसे महत्वपूर्ण पर्व से ठीक पहले पूरे इलाके में अंधेरा पसरा हुआ है।स्थानीय निवासियों का कहना है कि कई बार नगर परिषद के अधिकारियों को शिकायत दी गई, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं हुआ। “बच्चे अंधेरे में बाहर नहीं निकल सकते, त्योहार पर मेहमान कैसे आएंगे?” – यह कहना है स्थानीय निवासी अमित सिंह का।अंधेरे के चलते क्षेत्र में दुर्घटनाओं और चोरी की आशंका भी बढ़ गई है। स्थानीय महिलाओं ने भी नाराजगी जताई है कि दीपावली जैसे पर्व पर घर के बाहर दीप जलाने और सजावट करने में अंधेरा बाधा बन रहा है।नगर परिषद से जब संपर्क किया गया तो जवाब मिला कि “लाइट की मरम्मत हो गई है, जल्द ही वापस लगा दी जाएगी।” लेकिन ‘जल्द’ कब होगा, इसका कोई निश्चित जवाब नहीं मिला।अब देखना यह है कि नगर परिषद दीपावली से पहले वार्ड 12 के लोगों को रोशनी लौटा पाएगी या फिर इस बार उनका त्योहार अंधेरे में कटेगा।

#पाकुड़ नगर परिषद #पाकुड़ उपायुक्त

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *