रिपोर्ट: श्रीकांत दास | विशाल विचार न्यूज

साहिबगंज, झारखंड — जिले में 12 से 14 अक्टूबर 2025 तक तीन दिवसीय उप-राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का आयोजन किया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य जिले के 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के 2,64,486 बच्चों को पोलियो रोधी खुराक पिलाना है, ताकि जिला “पोलियो मुक्त भारत” की दिशा में एक और मजबूत कदम बढ़ा सके।

अभियान को सफल बनाने के लिए प्रशासन की ओर से 1,354 पोलियो बूथ तैयार किए गए हैं।

  • पहला दिन (12 अक्टूबर) को बच्चे अपने नजदीकी पोलियो बूथों पर जाकर खुराक प्राप्त करेंगे।
  • दूसरे और तीसरे दिन (13-14 अक्टूबर) को स्वास्थ्यकर्मी घर-घर जाकर उन बच्चों को खुराक देंगे जो पहले दिन छूट गए होंगे।

कार्यक्रम से पहले जिले में जनजागरूकता रैली भी निकाली गई। रैली का शुभारंभ पुराना सदर अस्पताल, साहिबगंज से हुआ, जिसे सिविल सर्जन डॉ. रामदेव पासवान और जिला शिक्षा पदाधिकारी ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

रैली में विद्यालयों के छात्र-छात्राएं, NSS, NCC, स्काउट-गाइड समेत कई संगठनों ने भाग लिया। रैली का उद्देश्य था लोगों को जागरूक करना कि पोलियो की खुराक हर बच्चे के लिए आवश्यक है।

अभियान का विधिवत उद्घाटन साहिबगंज उपायुक्त हेमंत सती करेंगे। वे मंडरो प्रखंड के करमपहाड़ में बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत करेंगे।

उपायुक्त हेमंत सती ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे अपने 0-5 वर्ष के बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य दिलवाएं और अभियान को सफल बनाने में सहयोग दें। उन्होंने कहा कि “पोलियो उन्मूलन के लिए यह जनसहभागिता का अभियान है, और हम सभी की जिम्मेदारी है कि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे।”

इस अभियान के माध्यम से साहिबगंज जिला स्वस्थ और पोलियो-मुक्त समाज के निर्माण की दिशा में एक सशक्त कदम उठा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *