सोनभद्र में समाजवादी छात्र सभा के जिला उपाध्यक्ष एवं पूर्व छात्र संघ मंत्री दीपू शर्मा ने सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर में अपर जिलाधिकारी (एडीएम) रमेश चंद्र को ज्ञापन सौंपकर आदिवासी बहुल क्षेत्रों में पेयजल और बिजली व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग की।
दीपू शर्मा ने बताया कि ग्राम पंचायत कोटा के कई दूरस्थ टोलों और मजरों में आज भी “हर घर जल योजना” और विद्युत योजनाओं का लाभ नहीं पहुंच पाया है। भीषण गर्मी में ग्रामीण दूषित जल स्रोतों और नालों का पानी पीने को मजबूर हैं, जिससे बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि मनीजराडंडी, बसुधा, सरपतवा, हेठुआ, जुड़वानी और बरसौना जैसे क्षेत्रों में शुद्ध पेयजल की गंभीर समस्या बनी हुई है। वहीं मनीजराडंडी, मझौली, हड़हाखोली, सनातडण्डी, धवाईडण्डी और सलइबनवा पूर्वी सहित कई टोले अब भी बिजली सुविधा से वंचित हैं।
दीपू शर्मा ने कहा कि यह विडंबना है कि सोनभद्र जैसे बिजली उत्पादन वाले जनपद के ग्रामीण आज भी अंधेरे में जीवन यापन कर रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि प्रभावित क्षेत्रों में स्थलीय जांच कर जल्द पेयजल और बिजली व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
इस दौरान राकेश कुमार, दीपक चौधरी, तुलसीदास, दीपक और सोनू अशोक समेत कई ग्रामीण मौजूद रहे।
