सिंगरौली। वार्ड क्रमांक 33 के रहवासी इन दिनों भारी परेशानियों का सामना कर रहे हैं। क्षेत्र में पुल और नाली की समुचित व्यवस्था नहीं होने की वजह से नाली का पानी सड़कों के साथ-साथ सीधे घरों में घुस रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नालियों की सफाई महीनों से नहीं की गई है, जिससे गंदा पानी जाम होकर पूरे इलाके में फैल रहा है।
वार्डवासियों ने पार्षद प्रतिनिधि पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि समस्याओं की जानकारी कई बार देने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई। लोगों का कहना है कि पार्षद रुकमून प्रजापति क्षेत्र का दौरा तक नहीं करते, जिसके कारण समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं।
बरसात के दिनों में यह समस्या और विकराल रूप धारण कर चुकी है। सड़कों पर जलभराव से आवागमन बाधित हो रहा है और लोगों को बीमारी का भी खतरा बना हुआ है। क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन और नगर निगम से जल्द स्थायी समाधान की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जल्द पुल निर्माण और नालियों की सफाई नहीं करवाई गई, तो वे सामूहिक रूप से विरोध प्रदर्शन करने को विवश होंगे।
स्थानीय निवासियों ने यह भी कहा कि यदि जिम्मेदार जनप्रतिनिधि समय रहते सक्रिय होते, तो स्थिति इतनी भयावह न होती। अब लोगों की उम्मीद सिर्फ प्रशासनिक हस्तक्षेप पर टिकी है।
