उत्तम उद्योग व्यापार मंडल उत्तर प्रदेश ने विद्युत व्यवस्था पर उठाई आवाज

विद्युत विजिलेंस टीम की छापामार नीति से लोगों के सम्मान को ठेस एवं स्मार्ट मीटर की गुणवत्ता में संदेह और जबरन लगाने के संबंध में

विशाल विचार ब्यूरो यूपी -निर्मित द्विवेद


फतेहपुर जनपद में उत्तम उद्योग व्यापार मंडल उत्तर प्रदेश ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली और स्मार्ट मीटर को लेकर गंभीर आपत्तियां दर्ज कराई हैं। मंडल ने एक मांग पत्र के माध्यम से उपभोक्ताओं और व्यापारियों की समस्याओं को उजागर करते हुए विभागीय कार्रवाई की पारदर्शिता पर सवाल उठाए हैं।
व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने बताया कि विभाग की विजिलेंस टीम पुलिस के साथ अचानक उपभोक्ताओं और व्यापारियों के यहां छापेमारी करती है, जिससे न केवल उनकी दैनिक कार्यप्रणाली बाधित होती है बल्कि सम्मान और सामाजिक छवि को भी ठेस पहुंचती है। टीम के अज्ञात होने से किसी अप्रिय घटना की आशंका भी बनी रहती है।


स्मार्ट मीटर पर संदेह :

मांग पत्र में कहा गया कि शहर में लगाए जा रहे स्मार्ट मीटर तेज चलते हैं और कई मामलों में भार जंप करने की शिकायतें सामने आई हैं। उपभोक्ताओं का कहना है कि जहां पहले बिजली का बिल 2 से 3 हजार रुपये आता था, वहीं प्रीपेड मीटर लगने के बाद यह दोगुना हो गया है।
व्यापार मंडल ने यह भी आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर लगाने के दौरान पुराने केबिल नहीं बदले जा रहे और न ही शासनादेश के अनुरूप चेक मीटर की व्यवस्था की जा रही है। साथ ही, उपभोक्ताओं को प्रीपेड मीटर रिचार्ज करने की जानकारी देने के लिए न तो कोई शिविर लगाया गया और न ही कंट्रोल रूम खोला गया। फतेहपुर- स्मार्ट मीटर


उपभोक्ताओं की मांग :


व्यापार मंडल ने स्पष्ट किया कि विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 47(5) उपभोक्ताओं को पोस्टपेड अथवा प्रीपेड विकल्प चुनने का अधिकार देती है। ऐसे में जबरन प्रीपेड मीटर लागू करना असंवैधानिक है। इसके अलावा, स्मार्ट मीटर की विश्वसनीयता पर भी सवाल उठाए गए, क्योंकि कई जगहों पर मीटर जीरो रीडिंग दिखा रहे हैं।
व्यापार मंडल ने यह भी कहा कि उपभोक्ताओं को मिलने वाले बिजली बिल में रीडिंग का पूरा विवरण नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने मांग की कि त्रुटिपूर्ण बिल और 10,000 रुपये से कम बकाया पर बिजली विच्छेदन की कार्यवाही रोकी जाए।
ज्ञापन पर कार्रवाई न होने का आरोप
व्यापार मंडल ने यह भी कहा कि पहले भेजे गए मांग पत्र (IGRS संख्या 12172250155705) पर कोई कार्यवाही नहीं हुई और शिकायत को निस्तारित दिखा दिया गया। नगर पालिका परिषद फतेहपुर द्वारा जारी पत्रांक पर भी अब तक कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली है। फतेहपुर: स्मार्ट मीटर


मुख्यमंत्री और जिलाधिकारी को भेजी गई सूचना :

मंडल के प्रदेश अध्यक्ष कृष्ण कुमार तिवारी ने इस पूरे मामले की जानकारी मुख्यमंत्री और जिलाधिकारी फतेहपुर को भी प्रतिलिपि के माध्यम से भेजी है। इस मौके पर जिलाध्यक्ष मनोज साहू सहित संदीप श्रीवास्तव, जय किशन, प्रेमदत्त उमराव, सलामत अली, अनिल महाजन, संजय सिंह, श्रवण दीक्षित, प्रशांत सिंह, संजय गुप्ता, सौरभ गुप्ता, भंवर सिंह, शिवप्रसाद, अभय सोनी, मुशीर अब्बास, अरविंद कुमार, पुष्कर साहू, जय साहू, इसराइल सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।

फतेहपुर- स्मार्ट मीटर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *