जिले में तैयारियां तेज, प्रशासन और कांग्रेस पदाधिकारी सक्रिय
विशाल विचार | राज्य ब्यूरो प्रमुख–गोपाल द्विवेदी
फतेहपुर। जनपद में आज नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के दौरे को लेकर प्रशासन और कांग्रेस पदाधिकारियों दोनों ने कमर कस ली है। राहुल गांधी सुबह लगभग 9 बजे तक फतेहपुर पहुंचेंगे और यहां वे हरिओम वाल्मीकि के परिजनों से मुलाकात कर न्याय की आवाज बुलंद करेंगे। जिले में उनकी यात्रा को लेकर सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हो चुकी हैं।
कांग्रेस पदाधिकारियों की तैयारियां हुईं तेज
आज दोपहर डेढ़ बजे एक महत्वपूर्ण रणनीतिक बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें कांग्रेस जिलाध्यक्ष महेश द्विवेदी, महिला जिलाध्यक्ष एवं पूर्व प्रत्याशी हेमलता पटेल, शहर अध्यक्ष आरिफ गुड्डा, पूर्व प्रत्याशी शिवाकांत तिवारी, मोहित कुमार वर्मा, राजीव लोचन निषाद, मिसबाहुल हक, देवी प्रकाश दुबे सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी शामिल हुए।
बैठक में राहुल गांधी के संभावित कार्यक्रम, पीड़ित परिवार से भेंट और भीड़ प्रबंधन सहित विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई। नेताओं ने कहा कि यह मुलाकात न्याय की लड़ाई को मजबूती देगी।
कई बड़े नेता भी आ सकते हैं शामिल
जिलाध्यक्ष महेश द्विवेदी ने बताया कि राहुल गांधी के साथ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय लल्लू, राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी, विधायक मोना मिश्रा, राष्ट्रीय सचिव नीलांशु चतुर्वेदी और अमेठी सांसद किशोरी लाल शर्मा सहित कांग्रेस के चार सांसद भी आ सकते हैं। इसके अलावा आस-पास के जिलों से भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं के पहुंचने की संभावना है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल
महिला जिला अध्यक्ष हेमलता पटेल और कांग्रेस नेता शिवाकांत तिवारी ने कहा कि राहुल गांधी के आगमन से संगठन में नया जोश है। पार्टी कार्यकर्ता न्याय की लड़ाई में पीड़ित परिवार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं। अनुमान है कि लगभग पांच सौ से अधिक कार्यकर्ता कार्यक्रम स्थल पर मौजूद रहेंगे।
प्रशासन सतर्क, रूट चार्ट तैयार
सुरक्षा एजेंसियां चौकन्नी हैं और अधिकारियों ने रूट चार्ट सहित तमाम व्यवस्थाओं की समीक्षा की है। प्रशासन ने संभावित भीड़ और नेताओं की मौजूदगी को लेकर एतिहातन कदम उठाए हैं।
