श्रीकांत दास, संवाददाता | विशाल विचार | साहिबगंज (झारखंड)

बरहरवा प्रखंड कांग्रेस कार्यालय में भारत के पूर्व राष्ट्रपति और ‘मिसाइल मैन’ डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम की जयंती श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष रंजीत टुडू ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में जिला कांग्रेस कमिटी अध्यक्ष सह विधायक प्रतिनिधि बरकतुल्लाह खान उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में बरकतुल्लाह खान ने कहा कि “डॉ. कलाम जी का जीवन युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत है। उनकी सादगी, राष्ट्रभक्ति और वैज्ञानिक दृष्टिकोण आज भी देश को नई दिशा देने का कार्य कर रही है।”

इस मौके पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने डॉ. कलाम की जीवनी और उनके योगदान पर चर्चा करते हुए कहा कि वे सिर्फ एक वैज्ञानिक नहीं, बल्कि एक सच्चे राष्ट्रसेवक थे जिन्होंने अपने जीवन को देश के विकास और शिक्षा के क्षेत्र को समर्पित कर दिया।

कार्यक्रम में वरिष्ठ कांग्रेसी मो. गुलाम रब्बानी, शाहनवाज नसीर, मनोज घोष, नेहाल अख्तर, संतोष झा, संतोष राम, थॉमस रॉबर्ट, मो. राजू, रंजीत भंडारी, अजीत कुमार रॉय, आलमगीर मंसूरी, अर्जुन रविदास सहित विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रगीत के साथ डॉ. कलाम को नमन किया गया और उनके बताए मार्ग पर चलने की शपथ ली गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *