रिपोर्ट : श्रीकांत दास –बरहरवा (साहिबगंज) झारखण्ड

बरहरवा (साहिबगंज), 11 अक्टूबर 2025 | विशाल विचार न्यूज

बरहरवा आरपीएफ ने शनिवार को एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल करते हुए फरक्का एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 15733) से अवैध शराब की बड़ी खेप जब्त की है। यह कार्रवाई आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव कुमार के नेतृत्व में एक विश्वसनीय सूचना के आधार पर की गई।

सूत्रों के अनुसार, आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव कुमार, कॉन्स्टेबल अनिल कुमार साह, सीटी अकबाल अंसारी, एएसआई जे.के. दुबे एवं ट्रेन एस्कॉर्टिंग पार्टी की संयुक्त टीम ने ट्रेन में छापेमारी की। जांच के दौरान कोच संख्या S-03 में सीट के नीचे दो लावारिस कार्टून पाए गए।

यात्रियों से पूछताछ में बताया गया कि एक व्यक्ति न्यू फरक्का स्टेशन पर ट्रेन से उतरते समय ये कार्टून सीट के नीचे रख गया था। जांच में दोनों कार्टूनों से 9 बोतल बकार्डी लिमोन रम (750 मिली प्रत्येक) और 11 बोतल 8 पीएम प्रीमियम ब्लैक रिजर्व व्हिस्की (750 मिली प्रत्येक) बरामद हुईं।

शराब का कुल मूल्य लगभग ₹7,826 आंका गया है। आरपीएफ टीम ने दोनों कार्टूनों को बरहरवा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर ट्रेन से उतारकर जब्त किया और आरपीएफ पोस्ट बरहरवा में जमा कराया।

इसके बाद आरपीएफ ने इस संबंध में आबकारी विभाग, साहिबगंज को सूचित किया। बरामद शराब को आगे की कानूनी कार्रवाई और निपटान के लिए आबकारी विभाग को सौंप दिया गया है।

आरपीएफ की इस त्वरित कार्रवाई से अवैध शराब तस्करी पर एक बार फिर करारा प्रहार हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *