शिक्षा और पर्यावरण के महत्व पर जोर, बच्चों संग बांटी खुशियां

रामेश्वर विश्वकर्मा रुद्रपुरी ब्यूरो चीफ विशाल विचार

रुद्रपुर (देवरिया)। काशीपुर स्थित आंगनवाड़ी केंद्र पर गुरुवार को बालवाटिका का शुभारंभ क्षेत्रीय विधायक जयप्रकाश निषाद ने किया। इस अवसर पर उन्होंने बच्चों को मिठाई खिलाई और पुरस्कृत कर उनका उत्साह बढ़ाया। साथ ही एक पेड़ मां के नाम कार्यक्रम के अंतर्गत पौधरोपण भी किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक जयप्रकाश निषाद ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा को लेकर गंभीर है और छोटे बच्चों की बेहतर शिक्षा के लिए दृढ़संकल्पित है। उन्होंने कहा कि इसी उद्देश्य से गांव-गांव में बालवाटिकाओं का संचालन किया जा रहा है। इस मौके पर एस.आर.जी. उपेंद्र उपाध्याय ने शिक्षा और पर्यावरण के महत्व पर विचार व्यक्त किए।
वहीं खंड शिक्षा अधिकारी राजकिशोर सिंह ने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए विद्यालय, अभिभावक और समाज की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ाई करने और जीवन में अनुशासन व नैतिक मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा दी।
विद्यालय परिसर बच्चों की उत्साहभरी आवाज़ों और तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। कार्यक्रम में शिक्षक अनुज श्रीवास्तव, रामशीष वर्मा, सतीश वर्मा, दुर्गेश यादव सहित बड़ी संख्या में अभिभावक व स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *