रिपोर्ट – संतोष तिवारी विशाल विचार ब्यूरो अमेठी

अमेठी। जिलाधिकारी संजय चौहान की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद में अन्नपूर्णा भवनों के निर्माण को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में जिला पूर्ति अधिकारी शशिकांत ने बताया कि प्रथम चरण में जनपद में कुल 131 अन्नपूर्णा भवनों का निर्माण कराया जाना है। इनमें से 101 भवनों के निर्माण हेतु भूमि का चिन्हांकन कर प्रस्ताव संबंधित उपजिलाधिकारियों द्वारा उपलब्ध करा दिया गया है, जबकि 29 ग्राम पंचायतों से प्रस्ताव आना शेष है। उन्होंने बताया कि अन्नपूर्णा भवनों के निर्माण हेतु उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित कमेटी द्वारा स्थल चयन की बैठकें की जा चुकी हैं। इस दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जहां भूमि उपलब्ध हो चुकी है वहां के प्रस्ताव तत्काल जिला पूर्ति अधिकारी को उपलब्ध कराए जाएं। वहीं जहां भूमि चिन्हांकित नहीं हुई है, वहां निर्विवाद भूमि सुनिश्चित कराई जाए। जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि भूमि का चयन करते समय यह ध्यान रखा जाए कि वहां तक ट्रक आदि आसानी से पहुंच सकें, जिससे राशन ट्रक के माध्यम से अन्नपूर्णा भवनों तक खाद्यान्न की आपूर्ति सुचारु रूप से हो सके। बैठक में यह भी उल्लेख किया गया कि अब तक सरकारी राशन की दुकानें कोटेदारों के निजी आवास/घरों से संचालित होती थीं, जहां तक ट्रक की पहुंच आसान नहीं होती थी। इससे खाद्यान्न आपूर्ति में बाधा एवं गड़बड़ी की शिकायतें सामने आती थीं। शासन के निर्णय अनुसार प्रत्येक ग्राम पंचायत में अन्नपूर्णा भवनों के निर्माण से राशन आपूर्ति सुगम होगी और लाभार्थियों को समय पर खाद्यान्न उपलब्ध हो सकेगा। बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अर्पित गुप्ता, डिप्टी कलेक्टर सात्विक श्रीवास्तव, जिला विकास अधिकारी वीरभानु सिंह, डीसी मनरेगा शेर बहादुर, जिला पूर्ति अधिकारी शशिकांत सहित सभी खंड विकास अधिकारी एवं पूर्ति निरीक्षक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *