नई दिल्‍ली: पश्चिमी दिल्ली के तिलक नगर थाना क्षेत्र में देर रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां एक पार्क में हुए हमले में दो दोस्तों की मौत हो गई. इस वारदात की सूचना मिलते ही ख्याला थाना और तिलक नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी.

प्राथमिक जांच में पता चला है कि संदीप और आरिफ नामक दोनों दोस्तों ने किसी बात पर एक-दूसरे पर चाकू से हमला कर दिया, जिसके परिणामस्वरूप दोनों की मौके पर ही मौत हो गई. मृतकों की पहचान ख्याला बी ब्लॉक निवासी संदीप और आरिफ के रूप में हुई है. दोनों एक ही गली में अपने परिवार के साथ रहते थे और गहरे दोस्त थे. दोनों ही विवाहित थे और उनके बच्चे भी हैं.

किस बात पर हुआ झगड़ा, स्‍पष्‍ट नहीं

पुलिस के अनुसार, संदीप प्रॉपर्टी का व्यवसाय करता था और पहले जिम ट्रेनर भी रह चुका था. फिलहाल, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि दोनों के बीच किस बात को लेकर झगड़ा हुआ और यह खूनी वारदात कैसे हुई. पुलिस ने दोनों शवों को दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. तिलक नगर पुलिस स्टेशन मामले की आगे की जाँच कर रही है. इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है.

दोहरे हत्याकांड पर क्‍या बोली दिल्ली पुलिस?

दिल्ली पुलिस ने डबल मर्डर मामले के सम्बंध में मीडिया को सूचित किया कि रविवार रात 10-11 बजे के बीच ख्याला पुलिस थाने को खबर मिली कि ख्याला के बी ब्लॉक से दो व्यक्तियों को चाकू से घायल होने के बाद डीडीयू अस्पताल पहुंचाया गया है। पुलिस अस्पताल पहुंची, जहां जानकारी मिली कि दो व्यक्तियों को चाकू लगी थी, लेकिन दोनों की मृत्यु हो गई। साथ ही, मामले की स्थानीय स्तर पर जांच भी की गई.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *