राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की शीर्ष नेताओं की समिति ने शरद पवार के इस्तीफे को फैसला कर नामंजूर कर दिया। पार्टी नेता प्रफुल्ल पटेल ने प्रेस कांफ्रेंस करके बताया कि साहेब का कोई विकल्प नहीं। इसी कारण से समिति शरद पवार के इस्तीफे को नामंजूर करती है। साथ ही उन्होंने बताया कि पार्टी सर्वसम्मति से शरद पवार को फिर से अध्यक्ष चुनती है। कांफ्रेंस में प्रफुल्ल पटेल ने बताया कि शरद पवार ने अपने स्वनिर्णय के आधार पर 2 मई को अचानक से इस्तीफा दे दिया था। उनके इस निर्णय से पार्टी और पार्टी के लोग स्तब्ध रह गये थे। उन्होंने कहा कि पार्टी के साथ काम जारी रहेगा पर अब मैं अध्यक्ष नहीं हूँ। उसके बाद हमने आगे की कार्यवाही के लिए तथा नया अध्यक्ष चुनने के लिए पार्टी की एक समिति का गठन किया। उन्होंने आगे बताया कि पवार साहब ने हमें बिना किसी पूर्व सूचना के इस्तीफा देकर चौंका दिया। हमनें पार्टी कार्यकर्ताओं और शरद जी की माँगों के हिसाब से बैठक की तथा एक निर्णय लिया है। निर्णय में हमने उनके इस्तीफे को खारिज किया है तथा पार्टी अध्यक्ष बने रहने का निवेदन किया है। पार्टी की तरफ से प्रफुल्ल पटेल ने कहा कि आप देश के एक बड़े और मजबूत नेता हैं। आपने इस्तीफा देकर नये पार्टी अध्यक्ष के चुनाव के लिए कहा है। हम आपके इस्तीफे को नहीं स्वीकार सकते। हम आपसे निवेदन करते हैं कि आप ही कमान सम्भाले रहें। पार्टी की कमान सुप्रिया सुले को देने के सवाल पर प्रफुल्ल पटेल ने कहा कि पार्टी जो भी निर्णय लेगी , वह सर्वमान्य होगा। खुद को पार्टी में किनारे किए जाने के सवाल पर राज्य के पूर्व कैबिनेट मंत्री ने कहा कि इसका जबाव देने का यह सही समय नहीं है , अभी इसका जबाव देना सही नहीं है।
