सुल्तानपुर जिले के बल्दीराय थाना क्षेत्र स्थित बाबा मौलेश्वरनाथ सेवा ट्रस्ट (शिव मंदिर), महादेवन मजरे मिझुठी में अवैध वसूली, फर्जी कमेटी गठन, धमकी और मंदिर की संपत्ति पर कब्जे की साजिश के गंभीर आरोप सामने आए हैं। ट्रस्ट के अध्यक्ष शिवकुमार यादव ने मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश एवं पुलिस अधीक्षक सुल्तानपुर को प्रार्थना पत्र भेजकर तीन लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
ट्रस्ट ने जिन लोगों पर आरोप लगाए हैं उनके नाम अशोक कुमार यादव पुत्र स्व. कृषण यादव, राम स्लोक पाण्डेय पुत्र स्व. नकछेद पाण्डेय और उमाशंकर तिवारी पुत्र स्व. भगौती तिवारी शामिल हैं। इन लोगों पर आरोप है कि ये मंदिर परिसर में खुद को प्रभारी बताते हुए दुकानदारों से अवैध वसूली करते हैं। फर्जी मुहर से नकली रसीदें जारी कर धन उगाही की जाती है। फलदार वृक्ष, आम, जामुन, सफेदा आदि को कटवाकर बेचने तक के आरोप लगाए गए हैं।
फर्जी कमेटी और नकली नोटिस का खेल
ट्रस्ट की ओर से बताया गया कि मंदिर पर उपजिलाधिकारी के नाम से फर्जी आदेश चस्पा कर दिया गया, जिससे ग्रामीणों में भ्रम और तनाव फैल गया। शिकायत मिलने पर राजस्व टीम भेजी गई, जिसने जांच के बाद नोटिस को पूरी तरह फर्जी घोषित किया और आख्या उपजिलाधिकारी बल्दीराय को भेज दी।
धमकियां और जाति सूचक गालियां
प्रार्थी ने बताया कि आरोपित लोग कहते हैं, मंदिर हमारा है, हमारी अनुमति के बिना पूजा-पाठ या भंडारा नहीं होगा, जो विरोध करेगा वह जिंदा नहीं रहेगा। ट्रस्ट अध्यक्ष के अनुसार, उन्हें हत्या की धमकी और जातिसूचक गालियां दी जाती हैं। लाउडस्पीकर से भी धमकियां देने का आरोप लगाया गया है।
बाबा मौलेश्वरनाथ सेवा ट्रस्ट का PAN Card आयकर विभाग से जारी हो चुका है और रजिस्टर्ड डीड भी मौजूद है। लेकिन शिकायत के अनुसार अशोक कुमार यादव ने ट्रस्ट का पैन कार्ड ले लिया और वापस करने से भी मना कर दिया। जब ट्रस्ट ने मीटिंग बुलानी चाही तो हथियारबंद लोग लाठी-डंडे लेकर पहुंच गए और सभासदों को अंदर नहीं आने दिया।
क्या है ट्रस्ट की मांग
ट्रस्ट ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और पुलिस अधीक्षक सुल्तानपुर से आग्रह किया है कि ट्रस्ट को सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए, आरोपित व्यक्तियों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज की जाए, मंदिर परिसर को दबंगों से मुक्त कराया जाए और रजिस्टर्ड ट्रस्ट को ही संचालन का अधिकार दिया जाए।
प्रशासन से न्याय की उम्मीद
ट्रस्ट अध्यक्ष शिवकुमार यादव का कहना है कि अगर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो किसी भी अप्रिय घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। ग्रामीणों में भी तनाव का माहौल है और मंदिर परिसर में शांति बनाए रखने के लिए प्रशासन की सख्त जरूरत है।
Video
