विशाल विचार | ब्यूरो रिपोर्ट – देवेंदर सिंह | मैनपुरी (उत्तर प्रदेश)
जिला क्षय रोग नियंत्रण केंद्र मैनपुरी के तत्वावधान में बुधवार को निःक्षय दिवस के अवसर पर टीबी मरीजों को पोषण पोटली वितरित की गई। इस कार्यक्रम का आयोजन लाइफ चेन्जिंग जैनीजा एनजीओ तथा क्षय रोग विभाग की ओर से किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) नेहा बंधु (IAS), मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. आर.सी. गुप्ता, जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. आशुतोष कुमार, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुरेंद्र सिंह, और चिकित्सा अधिकारी डॉ. गौरव अग्रवाल उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान सीडीओ नेहा बंधु ने शिविर में उपस्थित क्षय रोगियों को पोषण पोटलियाँ वितरित कीं और कहा कि “टीबी से डरने की नहीं, बल्कि इसका समय पर जांच और उपचार कराने की आवश्यकता है।” उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में चल रही राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन मुहिम में समाज के प्रत्येक व्यक्ति को सहयोग करना चाहिए।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.सी. गुप्ता ने कहा कि क्षय रोगियों के परिवार के सभी सदस्यों की एक्स-रे जांच कराना जरूरी है। उन्होंने बताया कि टीपीटी (Tuberculosis Preventive Therapy) के माध्यम से टीबी को प्रारंभिक अवस्था में ही रोका जा सकता है।
जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. आशुतोष कुमार ने जानकारी दी कि जनपद में बड़ी संख्या में निःक्षय मित्र बनाए गए हैं, जो रोगियों को उपचार में सहयोग कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि शासन की सभी योजनाओं का लाभ शत-प्रतिशत लाभार्थियों तक पहुँचाया जा रहा है।
कार्यक्रम का संचालन रविंद्र गौर (स्वास्थ्य एवं शिक्षा अधिकारी) द्वारा किया गया।
इस अवसर पर डीपीसी मोनिका यादव, डीपीपीएमसी यादवेन्द्र प्रताप सिंह, डीपीटीसी विकास चंद्र गुप्ता, रिषभ सक्सेना, अवनीश यादव, अमित चौहान, पूनम यादव, नितिन भदौरिया, राजेश भारद्वाज, मोहित दुबे, अंकुर मिश्रा, शिवानी यादव सहित कई अधिकारी एवं स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।

