रिपोर्ट विनय अहिरवार – विशाल विचार न्यूज़
दमोह, मध्यप्रदेश।
दमोह शहर के बजरिया क्षेत्र में नई पुलिस चौकी की शुरुआत के साथ अपराध नियंत्रण की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया। शुक्रवार को आयोजित शुभारंभ एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम में प्रदेश के पूर्व वित्त मंत्री एवं विधायक जयंत मलैया मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए। उन्होंने पुलिस अधीक्षक श्रुतकीर्ति सोमवंशी, पार्षद कविता राय सहित अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में चौकी प्रांगण में वृक्षारोपण किया।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक श्रुतकीर्ति सोमवंशी ने बताया कि यह क्षेत्र गौ हत्या, अवैध हथियार और अन्य आपराधिक गतिविधियों के लिए संवेदनशील माना जाता है। उन्होंने बताया कि जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत चौकी प्रभारी को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
पूर्व वित्त मंत्री जयंत मलैया ने कहा कि क्षेत्र में लगातार गौ हत्या की घटनाएं चिंता का विषय रही हैं। ऐसे अपराधियों को किसी भी सूरत में नहीं बख्शा जाएगा और उनके खिलाफ विधिवत कार्रवाई की जाएगी।
पार्षद कविता राय ने कहा कि लंबे समय से किए जा रहे प्रयासों का परिणाम आज सामने आया है। उन्होंने विधायक जयंत मलैया, पुलिस अधीक्षक और समस्त टीम का आभार व्यक्त किया।

भाजपा नेता रमन खत्री ने कहा कि बजरिया क्षेत्र अपराधों के कारण संवेदनशील श्रेणी में आता है। चौकी बन जाने से अब अपराधों में निश्चित रूप से कमी आएगी।
सीएसपी एच.आर. पांडे ने आश्वस्त किया कि क्षेत्र में जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत लगातार गश्त और निगरानी की जाएगी, और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।
कोतवाली थाना प्रभारी मनीष कुमार ने बताया कि इस चौकी के अंतर्गत चैनपुरा, चमड़ा फैक्ट्री, बजरिया, कसाई मंडी, धरमपुरा, बिलवारी मोहल्ला, नूरी नगर, मलियाना और न्यू दमोह क्षेत्र शामिल किए गए हैं, जहां नियमित निगरानी रखी जाएगी।

चौकी प्रभारी राकेश पाठक ने बताया कि गौ वंश हत्या, अवैध हथियार तस्करी और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर पहली प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने प्रभार संभालते ही पुराने आपराधिक रिकॉर्ड वाले तत्वों की पहचान शुरू कर दी है।
कार्यक्रम में भाजपा जिला उपाध्यक्ष संजय, मनीष तिवारी, प्रधान आरक्षक घासीराम अहिरवार, प्रधान आरक्षक अवधेश, आरक्षक योगेन्द्र यादव, जितेंद्र प्रजापति, विक्रम राठौर, आशीष ठाकुर सहित अन्य मौजूद रहे।
