विशाल विचार-सुरेश पटेल ब्लाक कॉर्डिनेटर खजुहा फतेहपुर
खजुहा में पोस्टऑफिस कर्मचारी पर हमला, तीन युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
फतेहपुर जिले के बिंदकी कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार रात एक पोस्टऑफिस कर्मचारी पर हुए हमले ने स्थानीय स्तर पर सनसनी फैला दी। फरीदपुर गांव निवासी यश पटेल पुत्र शिवाकांत पटेल, जो खजुहा कस्बे के पोस्टऑफिस में सहकारी कर्मचारी के पद पर तैनात हैं, मेले से लौटते समय तीन युवकों द्वारा बुरी तरह से पीटे गए।
मेला देखकर लौटते समय रास्ते में रोकी गाड़ी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात करीब 10 बजे यश पटेल अपने स्टाफ के साथ मेला देखकर वापस आ रहे थे। इसी दौरान स्टेट बैंक, खजुहा के पास रोहन श्रीवास्तव, शिवम् दुबे और शेखर उर्फ राजा ने उनकी गाड़ी रुकवाई। गाली-गलौज करते हुए तीनों ने बिना किसी स्पष्ट कारण के उन पर हमला कर दिया।
पत्थर से वार और गंभीर चोटें
पीड़ित यश पटेल ने बताया कि आरोपियों ने सिर और शरीर पर गंभीर चोटें पहुँचाईं। जान से मारने की नीयत से पत्थर से हमला भी किया गया, जिससे वे बेहोश हो गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया।

आरोपी धमकी देते हुए फरार
मौके पर भीड़ एकत्र होती देख तीनों हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम ने मौके का निरीक्षण किया।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
थाना प्रभारी लान सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है और आरोपियों की तलाश जारी है।
स्थानिय स्तर पर रोष और सुरक्षा को लेकर सवाल
घटना के बाद स्थानीय नागरिकों में आक्रोश देखा गया। लोगों ने रात में सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस गश्त पर सवाल उठाए।
