विशाल विचार-शिवम् दिक्षित अमौली फतेहपुर

भारत माता के वीर सपूत, लद्दाख में भारत-चीन झड़प के दौरान देश की रक्षा करते हुए शहीद हुए राजेश सिंह की चतुर्थ पुण्यतिथि उनके पैतृक गांव खदरा ग्राम सभा गोहरारी में भावुक माहौल में मनाई गई। इस अवसर पर उनके परिवार, गांव वासी, पूर्व सैनिकों व जनप्रतिनिधियों ने शहीद स्थल पहुंचकर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।कार्यक्रम में पहुंचे सांसद नरेश उत्तम पटेल, विधायक राजेंद्र सिंह पटेल, जिला पंचायत प्रतिनिधि, पूर्व सैनिकों समेत तमाम लोगों ने नम आंखों से श्रद्धासुमन अर्पित किए। परिजनों में पिता छोटेलाल, माता कमला देवी, पत्नी अंजलि, बच्चे राज व गौरव, भाई दिनेश, आशीष, मनीष, आदित्य, बहनें अर्चना, वंदना, संजना सहित अन्य परिजन उपस्थित रहे। पुण्यतिथि का आयोजन जहां श्रद्धा और सम्मान से परिपूर्ण था, वहीं शहीद स्थल की दुर्दशा ने माहौल को दर्दभरा बना दिया। शहीद की बहन अर्चना, आंखों में आंसू और हृदय में टीस लिए बोलीं ।


चार साल बीत गए, पर अभी तक हमारे भाई के नाम पर घोषित शहीद पार्क की जमीन से अवैध कब्जा नहीं हटाया गया। न कोई बाउंड्री बनी, न साफ-सफाई। हम दलित हैं, शायद इसलिए सुनवाई नहीं होती। कीचड़ भरे इस स्थल पर हर साल भैया की पुण्यतिथि मनाते हैं।
शहीद स्थल पर पहुंचे पूर्व सैनिकों ने भी प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा पर नाराजगी जताई। उन्होंने सांसद से कहा। सांसद जी, सुबह से हम खुद सफाई कर रहे हैं। कोई जिम्मेदार नहीं आया। कृपया शहीद के नाम पर घोषित पार्क का निर्माण और सौंदर्यीकरण जल्द कराइए। हम हाथ जोड़कर निवेदन करते हैं कि शहीद का सम्मान दिखावे तक सीमित न रहे। शहीद राजेश सिंह ने देश के लिए प्राणों की आहुति दी। लेकिन उनके नाम पर तय भूमि आज भी अव्यवस्था, कीचड़ और अतिक्रमण की शिकार है। बार-बार आश्वासन मिलने के बावजूद न तो पार्क बना, न ही स्थल का सुंदरीकरण हुआ।
क्या हमारी संवेदनाएं सिर्फ साल में एक दिन तक सीमित रह गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *