फर्रूखाबाद। जिले में रविवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई जब थाना कादरीगेट क्षेत्र के सातनपुर मंडी रोड स्थित एक कोचिंग सेंटर में भीषण विस्फोट हो गया। धमाका इतना जोरदार था कि बिल्डिंग के हिस्से 20 मीटर दूर तक बिखर गए, वहीं आसपास के घरों की खिड़कियां और दरवाजे तक हिल गए।
इस दर्दनाक हादसे में दो लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है, जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल लोहिया फर्रूखाबाद भेजा गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें कन्नौज और सैफई रेफर कर दिया गया है।
विस्फोट की आवाज 2 किलोमीटर दूर तक सुनी गई, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धमाके के बाद चारों ओर धुआं फैल गया और इमारत का एक बड़ा हिस्सा मलबे में तब्दील हो गया।
प्राथमिक जांच में हादसे का कारण सेप्टिक टैंक में गैस बनने से हुआ विस्फोट बताया जा रहा है। हालांकि, प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अंतिम पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही की जाएगी।
घटना की सूचना मिलते ही थाना कादरीगेट पुलिस, दमकल विभाग, और जिला प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और राहत एवं बचाव कार्य जारी है।
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक स्वयं मौके पर मौजूद हैं और स्थिति पर कड़ी नजर बनाए हुए हैं। क्षेत्र को पूरी तरह से घेराबंदी कर दिया गया है, ताकि भीड़ नियंत्रण में रहे और बचाव कार्य में कोई बाधा न आए।
मौका बेहद संवेदनशील बताया जा रहा है। अधिकारी विस्फोट के कारणों और जिम्मेदारियों की जांच में जुट गए हैं।
स्थानीय निवासियों में भय और आक्रोश दोनों का माहौल है। प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और शांति बनाए रखें।
