विशाल विचार-सुरेश पटेल ब्लाक कॉर्डिनेटर खजुहा फतेहपुर
जनपद के बिंदकी मे कांग्रेस पार्टी द्वारा शनिवार को बिंदकी तहसील क्षेत्र के ललौली चौराहा के समीप सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के पास वोट चोर गद्दी छोड़ जन जागरण एवं हस्ताक्षर अभियान का आयोजन किया गया। यह अभियान कांग्रेस द्वारा देशव्यापी स्तर पर 15 सितंबर से 15 अक्टूबर तक चलाया जा रहा है। इस मौके पर फतेहपुर जिले के कांग्रेस जिलाध्यक्ष महेश द्विवेदी सहित तमाम कांग्रेस के कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान एक बड़े बैनर पर आम नागरिकों से हस्ताक्षर कराए गए जिससे जन समर्थन जुटाया जा सके। बैठक के दौरान आरोप लगाते हुए कांग्रेस के जिलाध्यक्ष महेश द्विवेदी ने कहा कि देश में बड़े पैमाने पर वोट की चोरी हो रही है। हमारे नेता राहुल गांधी ने कई मामलों के प्रमाण उजागर किए लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। यह लोकतंत्र के लिए गंभीर खतरा है। उन्होंने यह भी कहा कि अब वोट चोरी का तरीका बदल गया है। पहले ईवीएम पर सवाल उठते थे, अब एक एक घर से हजारों वोट बढ़ाए जा रहे हैं, जो एक नया खेल है। जब तक यह बंद नहीं होता तब तक सरकार बदलना असंभव होगा।
महेश द्विवेदी ने सरकार द्वारा जीएसटी के उत्सव मनाने को भी आलोचना का निशाना बनाया। उन्होंने कहा है कि यह उत्सव ऐसे मनाया जा रहा है जैसे कोई आज़ादी की लड़ाई जीत ली गई हो जबकि यह सरकार की ही नीतियों से लगाया गया टैक्स है जिससे सरकार ने 127 लाख करोड़ रुपये कमाए हैं। इस मौके पर उपस्थित रहे प्रमुख कांग्रेस नेता विनोद द्विवेदी,बाबर खान,प्रशांत शुक्ला,कलकरी देवेंद्र सिंह,मोहम्मद इकबाल, अमर सिंह गौतम,अनीश,शोएब अहमद कुरैशी,मोहम्मद समद,मोहित मिश्रा,राम बहादुर कोरी,आकाश शुक्ला,अनिल राजपूत,लवकुश मिश्रा सहित अन्य कार्यकर्ता इस अभियान में शामिल रहे। इस जन जागरण अभियान का मुख्य उद्देश्य आम जनता को वोट की कथित चोरी के प्रति जागरूक करना और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए समर्थन जुटाना है। पार्टी का मानना है कि जब तक निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया सुनिश्चित नहीं होगी, लोकतंत्र खतरे में रहेगा।
