विशाल विचार-शेखर सिद्दीकी ब्यूरो चीप फतेहपुर
जनपद के थाना असोथर क्षेत्र के ग्राम मैकवापुर में बच्चों के बीच खेल को लेकर हुए विवाद में एक युवक पर गांव के ही कुछ लोगों ने लोहे की पाइप से हमला कर घायल कर दिया। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम मैकवापुर मजरे सरकंडी निवासी प्रभाकर उर्फ पप्पू पुत्र राजकुमार निषाद ने थाने में दी गई तहरीर में बताया कि बीते 2 अक्टूबर की शाम करीब पांच बजे वह गांव के पास कुछ बच्चों के साथ कंचा खेल रहा था। इसी दौरान गांव के ही ननकू पुत्र रामदेव, छोटे लाल पुत्र बलदेव और रामफल पुत्र बासदेव वहां आकर बच्चों को गाली गलौज करने लगे और खेलने से मना किया। प्रभाकर ने जब बच्चों को खेलने देने की बात कही तो आरोपियों ने उसे घेर लिया। आरोप है कि ननकू पुत्र रामदेव ने लोहे की पाइप से उसके सिर पर वार किया, जिससे वह घायल हो गया। इसके बाद सभी आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से भाग गए। पीड़ित ने बताया कि मारपीट में उसे गंभीर चोट आई है। घटना के बाद वह थाना असोथर पहुंचा और कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मामले की गंभीरता देखते हुए रिपोर्ट दर्ज कर ली है। इस मामले में जांच अधिकारी उपनिरीक्षक विनोद कुमार निगम को जांच सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि पीड़ित के मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
