विशाल विचार – संतोष तिवारी ब्यूरो अमेठी

अमेठी (सिंहपुर) जिले के सिंहपुर ब्लॉक क्षेत्र अंतर्गत शिवरतनगंज थाना क्षेत्र के खारा गांव में बीती रात दर्दनाक हादसा हो गया। कच्ची दीवार गिरने से एक अधेड़ महिला की मौके पर मौत हो गई। वहीं एक मवेशी भी मलबे की चपेट में आकर मर गया। घटना से पूरे गांव में मातम छा गया। जानकारी के मुताबिक, मैका देवी (50 वर्ष) पत्नी साहबदीन गुरुवार देर रात बारिश के दौरान मवेशियों को खोलने गई थीं। गांव के ही पूरे उमराव मजरे में उनके घर के पास बने कच्ची दीवार के सहारे छप्पर रखा था। जिसके नीचे मवेशी बंधे थे। मैका देवी दो मवेशियों को खोलकर अलग बांध चुकी थीं और जैसे ही तीसरे को खोलने लगी। अचानक दीवार ढह गई। दीवार की चपेट में मवेशी के साथ मैका देवी भी दब गईं। परिजन उन्हें आनन-फानन में मलबे से निकालकर सीएचसी सिंहपुर ले गए। जहाँ डॉक्टर जितेंद्र चौधरी ने मृत घोषित कर दिया। हादसे में एक मवेशी की भी मौत हो गई। मृतका के पति साहबदीन और बेटे शिवम् व शिवकुमार दिल्ली में नौकरी करते हैं, जबकि मैका देवी अपनी बेटी सुनीता के साथ घर पर रहती थीं। सूचना पर पहुँची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष विवेक सिंह ने घटना की पुष्टि की है। वहीं, मौके पर पहुँचे पशुपालन विभाग की टीम ने मृत मवेशी का पोस्टमार्टम किया। प्रभारी लेखपाल शिवम् तिवारी ने बताया कि हादसे की रिपोर्ट तहसील प्रशासन को भेज दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *