समाजसेवी सज्जाद अली ने बीडीओ को दिया आवेदन, बच्चों व ग्रामीणों की परेशानी उठाई मुद्दा
रामेश्वर विश्वकर्मा रुद्रपुरी ब्यूरो चीफ विशाल विचार
रुद्रपुर (देवरिया)। ग्राम रामचक स्थित प्रत्युष विहार स्कूल के बगल से होकर गुजरने वाली आरसीसी सड़क पर पिछले कई वर्षों से जलजमाव की समस्या बनी हुई है। बरसात के मौसम में यह सड़क तालाब का रूप धारण कर लेती है, जिससे ग्रामीणों और राहगीरों को गंभीर दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि जलनिकासी की कोई समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण सड़क पर गंदा पानी भर जाता है। नतीजतन रोज़ाना विद्यालय जाने वाले बच्चों और आम राहगीरों को इसी पानी से होकर गुजरना पड़ता है। इससे बच्चों के गिरने और बीमारियों के फैलने का खतरा भी बढ़ गया है। समाजसेवी सज्जाद अली ने इस समस्या के निवारण हेतु खण्ड विकास अधिकारी को पत्र देकर तत्काल जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की उम्मीद जताई है, ताकि आवागमन सुचारू हो सके।
