फतेहपुर। जनपद के विकास खंड खजुहा की ग्राम पंचायत ग़ज़ईपुर मजरे इटरा गांव के हालात बद से बदतर हो गए हैं। गांव की गलियां गंदगी और दलदल से पटी पड़ी हैं, जिससे ग्रामीणों का निकलना दुश्वार हो गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद ग्राम प्रधान ने अब तक कोई कदम नहीं उठाया।

ग्रामीणों का आरोप है कि पांच साल का कार्यकाल बीतने को है, लेकिन विकास कार्य सिर्फ कागजों में ही दिखते हैं। हकीकत में गांव की गलियों में टूटी नालियां, ध्वस्त खड़ंजा और दलदल भरे रास्ते ही नजर आते हैं। लोगों का कहना है कि घरों के दरवाजे तक पानी और कीचड़ भर जाने से आए दिन विवाद की स्थिति भी पैदा हो जाती है।

गांव के सुरेश यादव, ननकाई यादव, जगजीवन राम, संदीप शाहू, राकेश शाहू और अनिल शाहू सहित कई ग्रामीणों ने बताया कि गंदगी और दुर्गंध के कारण संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा बढ़ गया है। दलदल से उठ रही बदबू से लोग घरों में भी परेशान हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते सफाई और मरम्मत कार्य कराए गए होते तो आज उन्हें ऐसी स्थिति का सामना न करना पड़ता। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि आखिर कब तक गांव की इस गंभीर समस्या का समाधान होगा।

✍️ संवाददाता – सुरेश पटेल, जाफरगंज फतेहपुर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *