फतेहपुर। चांदपुर थाना क्षेत्र की अमौली चौकी की कार्यशैली से दुखी महिलाओं ने मंगलवार को जिला मुख्यालय पहुंचकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। महिलाओं का आरोप है कि क्षेत्र में लगातार हो रही चोरियों पर पुलिस गंभीरता से कार्रवाई नहीं कर रही है, जिससे गरीब परिवार असुरक्षा की भावना में जीने को मजबूर हैं।

महिलाओं के साथ बेटी पढ़ाओ जनकल्याण सेवा समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष धर्मेन्द्र कुमार भी मौजूद रहे। उन्होंने पीड़ित महिलाओं की समस्याएं सुनकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा और न्याय दिलाने की मांग की। महिलाओं का कहना है कि बीते दो महीनों में क्षेत्र में करीब 25 चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन पुलिस अभी तक किसी भी मामले में ठोस कार्रवाई नहीं कर सकी है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि अमौली चौकी प्रभारी दिग्विजय सिंह की कार्यप्रणाली संदिग्ध है। पुलिस चोरी के मामलों को गंभीरता से लेने के बजाय संदिग्ध लोगों को पकड़कर मामूली कार्रवाई कर धारा 151 के तहत चालान कर देती है और मामले को रफा-दफा कर निपटा देती है। इससे चोरी की घटनाओं पर अंकुश नहीं लग पा रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि चौकी क्षेत्र में चोरियों का सिलसिला लगातार जारी है और पुलिस का रवैया लापरवाही भरा बना हुआ है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए और गरीब पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाया जाए।

लगातार बढ़ रही चोरियों और पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने से जिले भर में अधिकारियों की किरकिरी हो रही है। अब देखना होगा कि जिलाधिकारी स्तर से इस मामले में क्या कदम उठाए जाते हैं।

– संवाददाता शिवम् दिक्षित सठिगवा फतेहपुर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *