फतेहपुर: जिले में डॉग बाइट और अन्य जंगली जानवरों के काटने की घटनाएं चिंताजनक स्तर तक बढ़ गई हैं। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, सिर्फ अगस्त महीने में ही फतेहपुर जिले में 4,971 लोगों को एंटी रेबीज इंजेक्शन लगाया गया। यह आंकड़ा दर्शाता है कि प्रतिदिन औसतन 165 लोग ऐसे मामले में अस्पताल पहुंच रहे हैं, जिन्हें कुत्ता, बंदर या अन्य जानवरों ने काटा है।
सरकार द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुसार, सभी सरकारी अस्पतालों में पर्याप्त मात्रा में एंटी रेबीज डोज उपलब्ध कराए गए हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि जानवरों के काटने की स्थिति में तुरंत उपचार और एंटी रेबीज वैक्सीन लेना बेहद जरूरी होता है, जिससे संक्रमण और जान का खतरा टाला जा सके।
फतेहपुर जनपद में जिला अस्पताल, सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों समेत कुल 33 स्वास्थ्य इकाइयों पर एंटी रेबीज टीके की व्यवस्था की गई है। स्वास्थ्य विभाग लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और लोगों से अपील कर रहा है कि किसी भी काटने की घटना के बाद तुरंत अस्पताल जाकर इलाज कराएं।
संवाददाता: शेखर सिद्दीकी, ब्यूरो चीफ फतेहपुर

