वॉशिंगटन:

अमेरिकी राष्‍ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) के करीबी रहे अरबपति एलॉन मस्क (Elon Musk) ने अमेरिकी राष्ट्रपति के ‘वन बिग, ब्यूटीफुल बिल’ की एक बार फिर कड़ी आलोचना करते हुए एक नई चुनौती दे डाली है. उन्‍होंने कहा कि अगर सीनेट इस बिल को मंजूरी देती है, तो वह अगले ही दिन ‘अमेरिकन पार्टी’ नाम से एक नई राजनीतिक पार्टी बनाएंगे. मस्क ने ट्रंप के इस बिल को पागलपन बताया है. साथ ही कहा है कि ये आम टैक्‍सपेयर्स पर बोझ की तरह होगा. 

आने वाले कुछ दिनों में ये साफ होना है कि वॉशिंगटन में ‘बिल’ चलेगा या ‘बिलियनियर’ की चलेगी.

क्‍या है वन बिग ब्यूटीफुल बिल’? 

‘वन बिग ब्यूटीफुल बिल’ का संबंध टैक्स में कटौती, सेना के बजट में वृद्धि और अवैध प्रवासियों को बड़े पैमाने पर देश से बाहर निकालने की योजनाओं पर खर्च बढ़ाने से है, जिसका मस्क ने पहले दिन से विरोध किया है।

  • ट्रंप इस बिल के जरिए 2017 में लागू किए गए टैक्स में कटौती को और आगे बढ़ाना चाहते हैं.
  • इस बिल में 4.5 ट्रिलियन डॉलर के खर्च का प्रावधान है.
  • इसमें सेना पर ज्यादा खर्च, बॉर्डर सिक्योरिटी और अवैध प्रवासियों की डिपोर्टेशन का बजट शामिल है.

आलोचकों का कहना है कि इस बिल से अमेरिका का राष्ट्रीय कर्ज 3.3 ट्रिलियन डॉलर और बढ़ जाएगा और गरीबों के लिए हेल्थकेयर में करीब 1 ट्रिलियन डॉलर की कटौती होगी.


एलन मस्क बोले- ‘अगर ये बिल पास हुआ तो…’

एलन मस्क ने इस बिल का तीखा विरोध करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, ‘हर वो सांसद जो खर्च कम करने की बात करता है और फिर इस ऐतिहासिक कर्ज बढ़ाने वाले बिल के पक्ष में वोट देता है, उसे शर्म आनी चाहिए.’

उन्होंने कहा, ‘यदि इस बिल के समर्थन में किसी ने वोट दिया, तो मैं अगले साल उनके प्राइमरी चुनाव में जीतकर रहूंगा– भले ही इसके लिए मुझे कुछ भी करना पड़े.’

‘…ताकि लोगों को मिले नया विकल्‍प!’

मस्क ने यह भी कहा है कि यदि यह बिल मंजूर हुआ, तो वे एक नई पार्टी गठन करेंगे. उन्होंने कहा, ‘यदि यह खर्चीला बिल पारित हो गया, तो अगले दिन एक अमेरिकी पार्टी का गठन किया जाएगा। अब समय है कि लोगों को डेमोक्रेट्स और रिपब्लिकन्स के अलावा अन्य विकल्प उपलब्ध हों।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *