फतेहपुर के बिरनई गांव में एक बुजुर्ग काली शंकर की डंडे से हत्या कर दी गई। हमले का वीडियो सीसीटीवी में कैद हो गया। मृतक का बेटा शिवशंकर ने
स्थानीय पुलिस को तहरीर दी है।

फतेहपुर। जहानाबाद थाना के बिरनई गांव में बुधवार रात करीब साढ़े 12 बजे बुजुर्ग की डंडे से हमला कर हत्या कर दी गई। हमले का वीडियो सीसीटीवी कैमरे में रिकार्ड हो गया है। पुलिस केस दर्ज कर आरोपी की तलाश में जुट गई है। 62 वर्षीय काली शंकर उत्तम निवासी लहुरी सराय थाना जहानाबाद वर्तमान समय में अपने परिजनों के साथ बिरनई गांव में अमौली रोड पर रह रहे थे और गांव में ही आटा चक्की का संचालन करते थे। मृतक के पुत्र शिवशंकर ने थाना जहानाबाद में दी गई तहरीर में बताया कि रात करीब 10 बजे गांव का ही रहने वाला अंशु अवस्थी उनके पिता से गाली-गलौज कर रहा था।
समझाने पर वह अपने घर लौट गया। लेकिन देर रात करीब साढ़े 12 बजे अंशु अवस्थी डंडा लेकर उनके घर के सामने आया और चारपाई पर बैठे बुजुर्ग काली शंकर के सिर पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले के बाद परिजनों के शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल काली शंकर को पहले सीएचसी अमौली ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। उपचार के दौरान अस्पताल में उनकी मौत हो गई। शिवशंकर की तहरीर पर पुलिस ने अंशु अवस्थी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। बताया जा रहा है कि मृतक ने अपने चक्की में सीसीटीवी कैमरा लगवा लिया था। जिसका आरोपी विरोध करता था। जो इस हत्या का कारण बना। थाना प्रभारी सत्यपाल सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *