बकिंघम पैलेस के पास एक व्यक्ति की संदिग्ध हरकतों को देखते हुए उसे गिरफ्तार किया गया है। मिली जानकारी के मुताबिक उस संदिग्ध व्यक्ति पर महल के पास कुछ फेंकने का आरोप है। वह व्यक्ति लंदन स्थित बकिंघम पैलेस के गेट के पास पहुँच गया था‌। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुँच गये और उस व्यक्ति को धर दबोचा। पुलिस द्वारा बताया गया है कि बकिंघम पैलेस के पास शॉटगन के कुछ कारतूस फेंके जाने की सूचना मिली थी जिसमें कि एक नियंत्रित विस्फोट की सूचना भी मिली है। इसके बाद ही तुरंत मौके पर पहुँचकर एक संदिग्ध व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। इसके बाद जल्द से जल्द महल को सील किया गया तथा आसपास के क्षेत्र में लॉकडाउन लगा दिया गया तथा सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद कर दिया गया। महानगर पुलिस के मुख्य अधीक्षक जोसेफ मैकडोनाल्ड ने बताया कि अधिकारियों द्वारा संदिग्ध को पकड़ने हेतु तत्काल कार्यवाही की गई। अधीक्षक मैकडोनाल्ड ने आगे बताया कि हमें महल के पास संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली थी , जिस कारण जल्द से जल्द पुलिस को प्रतिक्रिया के लिए बोला गया। पुलिस मौके पर पहुँची और संदिग्ध को हिरासत में लिया गया। महल अधिकारियों ने बताया कि महल के आसपास सामान्य जनता को कोई नुकसान नहीं पहुँचा है। घटना स्थल पर अधिकारी लगातार बने हुए हैं और मामले की तहकीकात तथा पूछताछ जारी है। गौरतलब है कि आगामी 6 मई को किंग चार्ल्स थर्ड का राज्याभिषेक होना है। महानगर पुलिस ने आगे बताया है कि एक व्यक्ति को अवैध हथियार रखने के संदेह के आधार पर गिरफ्तार किया गया है। उसके सामान की तलाशी ली गयी है तथा पूछताछ भी लगातार जारी है। जाँच की प्रक्रिया विशेषज्ञता के साथ चल रही है जिसमें कि एहतियात के तौर पर विस्फोटक नियंत्रक भी लगाया गया है। जानकारी के मुताबिक घटना के समय पर राजा और रानी महल में नहीं थे। पुलिस द्वारा बताया गया है कि इसे किसी तरह की आतंकी घटना नहीं माना जा रहा है। संदिग्ध के मानसिक स्वास्थ्य को परखा जा रहा है‌। उसके वैयक्तिक इतिहास को भी देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि यह व्यक्ति अकेला ही सबकुछ ऑपरेट कर रहा था तथा इस घटना को अलग श्रेणी की घटना माना जा रहा है।

https://youtu.be/HISaYt5g9LU

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *