दिल्ली के जंतर मंतर पर पहलवानों द्वारा दिए जा रहे धरने का समर्थन बढ़ता ही जा रहा है। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी पहलवानों के समर्थन में ट्वीट किया है। उन्होंने अपने ट्वीट में कहा कि हमें अपने देश के पहलवानों के साथ खड़ा होना चाहिए और उनका साथ देना चाहिए। वह हमारे देश के गौरव हैं , हमारे चैंपियन हैं। उन्होंने आगे लिखा कि दोषियों को न्याय के कटघरे में लाना ही होगा , भले ही उनकी राजनीतिक पृष्ठभूमि और जुड़ाव कुछ भी हो। इस मामले में न्याय को महत्व दिया जाना चाहिए और सत्य की जीत होनी चाहिए। गौरतलब है कि इस मामले में राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर के पहलवानों द्वारा भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण सिंह के खिलाफ यौन शोषण के आरोपों के साथ कार्यवाही की माँग की जा रही है। पहलवानों ने साथ ही यह भी माँग की है कि आरोपों की जाँच करने वाली समिति की रिपोर्ट को सार्वजनिक किया जाए। पहलवानों को वर्तमान के कई खेलों के खिलाड़ियों और कुछ पूर्व खिलाड़ियों का भी समर्थन प्राप्त हो रहा है। शुक्रवार को भाला फेंक में ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता नीरज चोपड़ा ने और अभिनव बिंद्रा जैसे पूर्व खिलाड़ियों ने भी पहलवानों का समर्थन करते हुए अधिकारियों से कार्यवाही की माँग की है। नीरज चोपड़ा ने कहा कि पहलवानों द्वारा इस तरह सड़क पर धरना प्रदर्शन और विरोध किया जा रहा है। यह देखना बहुत पीड़ादायक है। ऐसा कुछ नहीं होना चाहिए था। वहीं अभिनव बिंद्रा ने कहा कि हर खेल का खिलाड़ी अपने देश को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक दिलाने के लिए जीतोड़ मेहनत करता है और यह देखना बेहद दु:खुद है कि भारतीय कुश्ती संघ के प्रशासन के खिलाफ पहलवानों द्वारा इस तरह धरना प्रदर्शन करना पड़ रहा है।
