आंध्र प्रदेश के सीएम जगन मोहन रेड्डी की बहन और तेलंगाना की युवजन श्रमिक रायथू कांग्रेस पार्टी की प्रमुख वाईएस शर्मिला ने अभी एक मामले में एक पुलिस अधिकारी को थप्पड़ मार दिया था , जिसके कारण अब उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जाना पड़ेगा। माना जा रहा है कि यह घटना तब की है जब शर्मिला राज्य सरकार द्वारा कराई जा रही परीक्षाओं के पेपर लीक मामले में जाँच कर रही एसआईटी के ऑफिस जा रही थीं। इसी घटनाक्रम में पुलिस ने उनकी गाड़ी को रोकने का प्रयास किया। एक पुलिस अधिकारी ने उनकी गाड़ी के ड्राइवर पर तेजी से चिल्लाते हुए रुकने को कहा और उसके पास जाकर गाड़ी की चाबी निकाल ली। इसी को देखते हुए वाईएस शर्मिला भी क्रोधित होकर गाड़ी से उतरीं और उस पुलिस अधिकारी को देखते ही थप्पड़ जड़ दिया। इस घटना का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है। उस वीडियो में देखा जा सकता है कि जब पुलिस वाईएस शर्मिला को इस घटना के बाद अपने साथ पुलिस थाने ले कर जा रही थी तब भी काफी गहमागहमी और बहस व हाथापाई भी हुई। वाईएस शर्मिला को थाने ले जाने के बाद वहाँ पर उनकी माँ वाईएस विजयम्मा अपनी बेटी से मिलने पहुँची तो पुलिस ने उनको भी रोक लिया। बताया जा रहा है कि विजयम्मा ने भी अपनी बेटी से मिलने की कोशिश की। उस बीच भी पुलिस और उनके बीच गहमागहमी हुई। दरअसल मामला तेलंगाना राज्य लोक सेवा आयोग द्वारा कराई गई परीक्षाओं में पेपर लीक से संबंधित है , जिसमें कि कई जगह इन चीजों के खिलाफ व्यापक विरोध प्रदर्शन भी देखा जा रहा है। पेपर लीक के आरोपों के सामने आने के बाद करीब 11 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। साथ ही सरकारी भर्ती से संबंधित करीब तीन परीक्षाओं को रद्द कर दिया गया है। भर्ती परीक्षा में धांधली और पेपर लीक से संबंधित मामले को लेकर विपक्षी पार्टियाँ तेलंगाना सरकार के खिलाफ और केसीआर व उनकी पार्टी के खिलाफ लगातार विरोध प्रदर्शन कर रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *