
मुकुल रॉय जो एक जाने माने तृणमूल कांग्रेस के नेता हैं , उन्होंने भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने का ऐलान किया है। दिल्ली में अपने एक वक्तव्य में रॉय ने कहा कि मैं इस हेतु गृहमंत्री अमित शाह और बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात करूँगा। उन्होंने इसके लिए अपनी मर्जी से दिल्ली पहुँचने की बात की और कहा कि मैं आज भी भारतीय जनता पार्टी का ही विधायक हूँ और दिल्ली आने पर मेरे लिए एक सदस्य जैसी व्यवस्था की गई है। मैं बीजेपी के साथ ही रहना चाहता हूँ। मुकुल रॉय के इस निर्णय को टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी के लिए एक नुकसान वाली स्थिति माना जा रहा है। रॉय पिछले विधानसभा चुनाव में बीजेपी के सत्ता में न आने के कारण टीएमसी में शामिल हो गए थे। अब फिर से वह बीजेपी में शामिल होना चाहते हैं और इसलिए उन्होंने इसकी घोषणा भी कर दी। सोमवार को रॉय के बेटे सुभ्रांशु ने अपने पिता के लापता होने की बात कही थी। बेटे ने कहा था कि वह दिल्ली जाने वाले थे और उनका कुछ पता नहीं चल रहा है। बेटे ने आगे कहा कि उनकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। भाजपा पर आरोप लगाते हुए सुभ्रांशु ने कहा कि बीजेपी उनके पिता को लेकर गंदी राजनीति कर रही है। दूसरी ओर मुकुल रॉय का कहना है कि मैं बिल्कुल स्वस्थ हूँ और बेटे से कहा कि परिवार की खातिर बीजेपी का साथ दो। रॉय के पार्टी में शामिल होने पर प.बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि हमें ऐसे लोगों की जरूरत नहीं है। हमारी पार्टी राज्य में पूर्ण रूप से आत्मनिर्भर है। हम बूथ स्तर तक मजबूती से काम करते हैं। हमारे कार्यकर्ता मुस्तैदी के साथ अच्छा काम करते हैं। अधिकारी ने राज्य में केंद्रीय एजेंसियों के काम और बहुचर्चित शारदा घोटाले के बारे में भी बात की।
