सुमन कुमार दत्ता/विशाल विचार

लिट्टीपाड़ा। लिट्टीपाड़ा प्रखंड कार्यालय सभागार में उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में प्रखंड एवं पंचायत स्तरीय सभी विभागों के पदाधिकारियों एवं कर्मियों के साथ केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई।बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना, पीएम जनमन आवास योजना, अबुआ आवास योजना, बिरसा आवास योजना, 15वें वित्त आयोग की धनराशि एवं स्वास्थ्य विभाग की विस्तृत समीक्षा की गई। उपायुक्त ने ग्राम पंचायत कुंजबोना, तालझारी, जामजोरी, सूरजबेड़ा, सोनाधनी और बड़ाघघरी की धीमी प्रगति पर असंतोष जताते हुए संबंधित पंचायत सचिवों को शीघ्र गति लाने का कड़ा निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी योजनाओं का समय पर क्रियान्वयन सरकार की प्राथमिकता है और 2 नवम्बर तक सभी लंबित आवासों को पूर्ण किया जाए, अन्यथा कार्रवाई की जाएगी।

बिरसा हरित ग्राम योजना की समीक्षा के दौरान फलदार एवं इमारती पौधारोपण की स्थिति पर चर्चा हुई। उपायुक्त ने कहा कि सभी योजना स्थलों पर साइन बोर्ड लगाए जाएं, घेराबंदी हो, फलदार पौधों में H-टेका लगाया जाए और सी.पी.टी. निर्माण समय से पूरा किया जाए। ग्राम रोजगार सेवकों को कार्यों में पारदर्शिता लाने और सभी निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।बैठक में पंचायत सचिवों एवं ग्राम रोजगार सेवकों के दैनिक कार्यों की जियो टैग फोटोग्राफ के माध्यम से जांच की गई। कई मोबाइल में फोटोग्राफ उपलब्ध न होने पर उपायुक्त ने कड़ी नाराजगी जताई और कार्य में लापरवाही पाए जाने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी।15वें वित्त आयोग की सुदृढ़ीकरण राशि से पंचायत स्तर पर किए जा रहे कार्यों की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने पंचायत सचिवालयों को मॉडल पंचायत बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कूड़ेदान, हैंड वॉश यूनिट, शौचालय में कमोड, कमरों में नाम पट्ट लगाए जाने तथा पंचायत सचिवालयों को 30 बिंदुओं पर सुसज्जित करने का आदेश दिया।स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में कालाजार एवं एनीमिया उन्मूलन कार्यक्रमों पर जोर दिया गया। सभी एमपीडब्ल्यू, सीएचओ, मुखिया एवं पंचायत सचिव मरीजों की पहचान कर दवा सेवन सुनिश्चित करें। गरीब माताओं को किट और चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना भी आवश्यक बताया गया ताकि मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाई जा सके।नीति आयोग के आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम के अंतर्गत स्वास्थ्य, पोषण, कृषि, पशुपालन और जेएसएलपीएस के सूचकांकों की समीक्षा भी बैठक में की गई। उपायुक्त ने सभी विभागीय पदाधिकारियों से शीघ्र सूचकांकों को संतृप्त करने का आग्रह किया ताकि प्रखंड उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले आकांक्षी प्रखंडों में शामिल हो सके।बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, पशुपालन, पीएचईडी, बाल विकास परियोजना, आपूर्ति विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

Littipara #ManishKumar #ReviewMeeting #GovernmentSchemes #HousingSchemes #BIRSAHaritGram #HealthDepartment #ModelPanchayat #KalaazarEradication #Aganwadi #PolicyReview

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *