संवाददता -सुमन कुमार दत्ता (विशाल विचार )
पाकुड़ :-पाकुड़ जिले के मालपहाड़ी थाना क्षेत्र के नवीनगर गांव में उस समय हड़कंप मच गया जब गोबर का उपला (गोइठा) ठोकने के दौरान एक दीवार का ऊपरी हिस्सा अचानक गिर पड़ा। इस हादसे में दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिनमें से एक महिला ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
गोबर के उपले के लिए जुटी थीं महिलाएं, हो गया बड़ा हादसा
घटना यादव टोला, नवीनगर की है, जहाँ स्थानीय महिलाएं गोबर से उपला (गोइठा) तैयार कर रही थीं। प्रतिमा मंडल (48 वर्ष) और दीप्ति मंडल (35 वर्ष) नाम की दोनों महिलाएं दीवार के पास काम कर रही थीं। जानकारी के अनुसार, ये महिलाएं गोबर का उपला आधा-आधा बाँटकर काम करती थीं। जिस दीवार के पास ये काम हो रहा था, वह पहले से ही कमजोर बताई जा रही है।
दीवार गिरते ही मच गया चीख-पुकार, गांव में मातम का माहौल
दीवार का ऊपरी हिस्सा दोनों महिलाओं पर गिर पड़ा जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गईं। आनन-फानन में परिजनों और ग्रामीणों की मदद से दोनों को पश्चिम बंगाल के रामपुरहाट अस्पताल ले जाया गया। वहाँ इलाज के दौरान प्रतिमा मंडल की मौत हो गई, जबकि दीप्ति मंडल की हालत गंभीर बनी हुई है और इलाज जारी है।
गरीबी और मजबूरी का खामियाजा – एक जान गई
ग्रामीणों का कहना है कि ये महिलाएं रोज़ की तरह अपने काम में लगी थीं। जिनके पास खुद का गोबर नहीं था, वे मवेशी पालने वालों से आधे गोबर के उपले देने के बदले में आधा हिस्सा खुद रख लेती थीं। इसी मजबूरी में हादसा हो गया।
प्रशासन से मुआवज़े की मांग
घटना के बाद से पूरे गांव में मातम पसरा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता और घायल महिला के इलाज की उचित व्यवस्था की मांग की है। अभी तक प्रशासन की ओर से कोई औपचारिक बयान नहीं आया है।
🏷️ #पाकुड़ #मालपहाड़ी #दीवार_गिरने_की_घटना #गोबर_का_उपला #ग्रामीण_हादसा #झारखंड_समाचार #महिला_मौत
