बिजली घाट, शंकुतला घाट और मुक्तेश्वर घाट सुरक्षित घोषित, ओझाटोली घाट असुरक्षित चिन्हित।

श्रीकांत दास संवाददाता विशाल विचार झारखंड

साहिबगंज आगामी महापर्व छठ पूजा को लेकर जिला प्रशासन की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में जिला
दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त हेमंत सती ने बुधवार को जिले के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने गंगा नदी के जलस्तर, घाटों की भौगोलिक स्थिति एवं सुरक्षा व्यवस्था का विस्तृत अवलोकन किया। उन्होंने बिजली घाट, शंकुतला घाट, मुक्तेश्वर घाट, ओझाटोली घाट, चानन घाट एवं कबूतर खोपी घाट का स्थल निरीक्षण किया।
उपायुक्त हेमंत सती ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि घाटों पर साफ-सफाई, बेरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति और शौचालय की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि “श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए प्रत्येक घाट पर सभी मानकों का पालन अनिवार्य रूप से किया जाए।”गंगा नदी के जलस्तर और स्थल निरीक्षण के आधार पर बिजली घाट, शंकुतला घाट और मुक्तेश्वर घाट को सुरक्षित घोषित किया गया है। वहीं, अधिक जलस्तर एवं मिट्टी कटाव के कारण ओझाटोली घाट को असुरक्षित घोषित करते हुए वहां छठ पूजा का आयोजन न करने की सलाह दी गई है।उपायुक्त हेमंत सती ने यह भी कहा कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए घाटों की तैयारी समय पर पूरी करें, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने पुलिस प्रशासन को भी भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था एवं आपातकालीन सेवाओं की विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए, जिससे महापर्व छठ शांति, श्रद्धा और सुरक्षा के साथ सम्पन्न हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *