श्रीकांत दास-विशाल विचार / साहिबगंज
आरपीएफ पोस्ट बरहरवा ने एक बार फिर बेहतरीन कार्यवाही करते हुए चलती ट्रेन में मोबाइल छिनतई कांड का सफल खुलासा किया है। यह मामला दिनांक 08 अक्टूबर 2025 को ट्रेन नंबर 13415 में हुई मोबाइल चोरी से जुड़ा है।
आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव कुमार के नेतृत्व में ऑफिसर और स्टाफ द्वारा लगातार की जा रही छापामारी कार्रवाई के परिणामस्वरूप आज दिनांक 13 अक्टूबर 2025 को समय 18:05 बजे आरोपी द्वारा चोरी किया गया मोबाइल फोन प्रस्तुत किया गया।
घटना का विवरण
आरपीएफ इंस्पेक्टर के समक्ष एमडी. मुश्ताक शेख (उम्र 41 वर्ष, पिता एमडी. सकूरउद्दीन शेख, निवासी तेतुल्ला, झीकटिया, साहिबगंज) उपस्थित हुए और उन्होंने एक मोटोरोला कंपनी का काले रंग का मोबाइल फोन के साथ एक व्यक्ति को प्रस्तुत किया।
पूछताछ के दौरान प्रस्तुत व्यक्ति ने अपना नाम यूसुफ शेख (उम्र 23 वर्ष), ग्राम मोगलपारा, पोस्ट इस्लामपुर, थाना बरहरवा, जिला साहिबगंज बताया। उसने स्वीकार किया कि 08 अक्टूबर 2025 को जब ट्रेन संख्या 13415 बोनीडांगा स्टेशन से बरहरवा की ओर धीरे-धीरे चल रही थी, तब उसने चलती ट्रेन से एक यात्री का मोबाइल फोन झपट्टा मारकर चोरी कर लिया था और गेट नंबर 67 के पास उतर गया था।
आरपीएफ की लगातार छापेमारी के कारण वह घर से फरार था। बाद में उसने अपने ससुर के समक्ष अपराध स्वीकार किया और गलती की माफी मांगी।
बरामदगी और जब्ती
उसके द्वारा प्रस्तुत मोबाइल फोन को समय 18:20 बजे, उप निरीक्षक लाल बहादुर माझी द्वारा उपस्थित गवाहों के समक्ष जब्त किया गया।
आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है और रेलवे यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु टीम लगातार गश्त और निगरानी में जुटी है।
इस कार्रवाई से आरपीएफ की सतर्कता और सक्रियता का एक और प्रमाण मिला है, जिससे रेल यात्रियों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा है।
#Tags:
#RPFBarharwa #SahibganjNews #Train13415 #MobileSnatching #RailwaySecurity #JharkhandNews #VishalVichar #SanjeevKumar #RailwayCrime #RPFAction
