बरहरवा (साहिबगंज) बरहरवा रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) पोस्ट बरहरवा ने मानवीय संवेदना और सतर्कता का परिचय देते हुए दो नाबालिग बच्चों को मानव तस्करी से बचाया तथा इस जघन्य अपराध में शामिल दो तस्करों को गिरफ्तार कर जीआरपी बरहरवा के हवाले कर दिया।आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग नाबालिग बच्चों को काम दिलाने के बहाने बाहर ले जा रहे हैं। सूचना के आधार पर उन्होंने अपनी टीम — एएसआई जलेश्वर कुमार दुबे, कांस्टेबल अजय कुमार, और कांस्टेबल अनिल कुमार साह — के साथ बरहरवा रेलवे स्टेशन परिसर में तलाशी अभियान चलाया।तलाशी के दौरान स्टेशन के मुख्य द्वार पर दो नाबालिग लड़कों को दो वयस्क व्यक्तियों की निगरानी में पाया गया। संदेह होने पर चारों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।पूछताछ में पता चला कि नाबालिगों की पहचान बरशो मुर्मू (17 वर्ष), थाना राधानगर, जिला साहिबगंज मोहम्मद अहद शेख (15 वर्ष), थाना राधानगर, जिला साहिबगंज के रूप में हुई।दोनों वयस्कों की पहचान जुल्लू रहमान (42 वर्ष), पिता–इंतियाज अली, ग्राम मध्य प्यारपुर, थाना राधानगर, जिला साहिबगंज मीर सफीदाद अली (34 वर्ष), पिता–मीर तैमूर अली, ग्राम इंग्लिश फुदकीपुर, थाना राधानगर, जिला साहिबगंज के रूप में हुई।बच्चों ने बताया कि उन्हें मजदूरी के नाम पर गुजरात और मुंबई ले जाया जा रहा था।बरशो मुर्मू को मीर सफीदाद अली भरूच (गुजरात) में हाउसकीपिंग कार्य हेतु भेज रहा था, जबकि मोहम्मद अहद शेख को जुल्लू रहमान पटना होते हुए मुंबई (पनवेल) ले जा रहा था।जुल्लू रहमान के पास से रेल टिकट (PNR 6458134117 व 6758134177) भी बरामद किए गए। पूछताछ में दोनों तस्करों ने स्वीकार किया कि वे नाबालिगों को बाहर मजदूरी के लिए भेजते हैं और बदले में प्रति व्यक्ति ₹2000–₹3000 का कमीशन प्राप्त करते हैं।कानूनी कार्रवाई के तहत आरपीएफ बरहरवा ने लिखित शिकायत के साथ दोनों तस्करों को जीआरपी/बरहरवा के हवाले किया, जहां केस नं. 31/2025, धारा 143(5)/3(5) BNS के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया। सभी विधिक औपचारिकताओं के उपरांत दोनों नाबालिग बच्चों को आराधना मंडल, बाल संरक्षण मंथन, साहिबगंज (झारखंड) को सौंप दिया गया।इंस्पेक्टर संजीव कुमार की अगुवाई में आरपीएफ टीम की इस त्वरित और मानवीय कार्रवाई से दो मासूम बच्चों को मानव तस्करी के जाल से मुक्त कराया जा सका।स्थानीय प्रशासन, रेल अधिकारी और समाजसेवी संगठनों ने आरपीएफ बरहरवा की सतर्कता और संवेदनशीलता की सराहना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *