फतेहपुर जिले के हुसैनगंज थाना क्षेत्र के गौरा चुरियारा गांव में रविवार रात एक दर्दनाक वारदात ने सभी को स्तब्ध कर दिया। पैसों के विवाद में एक पुलिसकर्मी बेटे ने अपने ही पिता की ईंट से सिर कुचलकर हत्या कर दी।
मृतक की पहचान किशोर चन्द्र पटेल (70 वर्ष) पुत्र राम अधार पटेल के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी बेटा आदित्य पटेल, जो इस समय जनपद कन्नौज में सिपाही पद पर तैनात है, रविवार रात घर पहुंचा और पिता से पैसों की मांग करने लगा। जब पिता ने इनकार किया तो उसने गाली-गलौज कर मारपीट शुरू कर दी। गुस्से में बेकाबू होकर आदित्य ने ईंट से वार कर पिता की मौके पर ही हत्या कर दी।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बुलेट बाइक लेकर फरार हो गया।
घटना की सूचना पाकर हुसैनगंज थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

पुलिस ने आरोपी बेटे आदित्य पटेल के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के लिए कई ठिकानों पर दबिशें दी हैं।
वहीं, गांव में घटना के बाद मातम और सन्नाटा पसरा है।
ग्रामीणों ने इस घटना को “रिश्तों की सबसे बड़ी त्रासदी” बताया।
लोगों का कहना है कि मृतक किशोर चन्द्र पटेल शांत और मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति थे। उन्होंने बेटे को मेहनत से पढ़ा-लिखाकर पुलिस में भर्ती करवाया, लेकिन उसी बेटे ने लालच और गुस्से में पिता की जान ले ली।
इस घटना से पुलिस विभाग में भी सनसनी फैल गई है और विभागीय अधिकारी पूरे मामले की रिपोर्ट तलब कर रहे हैं।
#Tags:
#Fatehpur #UttarPradeshNews #CrimeNews #PoliceConstable #FatherMurder #FamilyTragedy #VishalVichar #BreakingNews #UPPolice #RishtonKiTragedy
