पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता और भारतीय जनता पार्टी के विधायक शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि मैं ममता बनर्जी को लोकतांत्रिक तरीके से जरूर हराऊँगा और अगर ऐसा नहीं होता है तो मैं राजनीति छोड़ दूँगा। उन्होंने टीएमसी की टिप्पणी को भी चुनौती दी और कहा कि इसके लिए अदालत का रूख भी किया जा सकता है। अधिकारी ने ममता बनर्जी पर आरोप भी लगाया कि उनकी पार्टी का राष्ट्रीय दर्जा छिन जाने के बाद उन्होंने गृहमंत्री अमित शाह को फोन कर राष्ट्रीय दर्जा बरकरार रखने के लिए कहा था। शुभेंदु अधिकारी ने ममता को न हरा पाने पर राजनीति छोड़ने की घोषणा भी की और साथ ही यह भी कहा कि हम सिद्ध करेंगे कि ममता बनर्जी ने अपनी पार्टी के राष्ट्रीय दर्जे के लिए गृहमंत्री को फोन किया था , उसके बाद उनको इस्तीफा देना होगा। इसके विपरीत टीएमसी ने एक पत्र के माध्यम से शुभेंदु अधिकारी से अपने बयान को वापस लेने की चेतावनी देते हुए कहा कि अगर ऐसा नहीं हुआ तो कानूनी कार्यवाही की जायेगी। बीजेपी और टीएमसी की इस आरोपबाजी वाले हमलों में ही टीएमसी महासचिव अभिषेक बनर्जी ने भी अपनी बात रखी और कहा कि शुभेंदु अधिकारी बस खोखली धमकी देते रहते हैं। हमारी मुख्यमंत्री ने कहा कि बीजेपी हमारे ऊपर दावों को साबित करे और इस्तीफा ले। इनके लोग कहते हैं कि ममता बनर्जी को पूर्व मुख्यमंत्री बना देंगे तो अब इनके पास मौका है। सबूत पेश करके अपने आप को साबित करें। बनर्जी ने आगे कहा कि शुभेंदु को धन और दस्तावेजों में गड़बड़ी का आरोप लगाने की भी आदत है तो इसके लिए भी उन्हें कैमरा रिकॉर्डिंग आदि लेकर अदालत का रूख करना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *