राष्ट्रीय जांच एजेंसी अपने क्षेत्राधिकार के अनुसार लगातार कई कार्यवाही कर रही है। इसी के तहत एनआईए प्रतिबंधित संगठन पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया के कई ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। जानकारी के मुताबिक एनआईए ने पीएफआई के उत्तर प्रदेश , बिहार और मध्य प्रदेश के करीब 17 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की है। इसी क्रम में एनआईए ने बिहार के दरभंगा में पीएफआई संबंध होने के लिंक के आधार पर उर्दू बाजार के दंत चिकित्सक डॉक्टर सारिक रजा के यहाँ छापेमारी की। सिंघवारा थाना क्षेत्र के शंकरपुरा गांव के महबूब के यहाँ भी एनआईए छापेमारी के लिए पहुँची। एनआईए केंद्र शासित प्रदेश जम्मू कश्मीर में भी एक्शन में दिखाई दी। जम्मू कश्मीर में एनआईए ने हिजबुल मुजाहिद्दीन के सरगना सैयद सलाउद्दीन के बेटों के बडगाम और श्रीनगर में मकानों को तथा 2 कनाल जमीन को कुर्क किया। कुछ अधिकारियों ने बताया कि सबसे पहले एनआईए की टीम ने रामबाग इलाके में एक मकान को कुर्क किया जो कि राजस्व आंकड़ों के अनुसार सैयद अहमद शकील नामक व्यक्ति के नाम पर पंजीकृत है और वह घोषित आतंकवादी सैयद सलाउद्दीन का बेटा है।
बताया जा रहा है कि एनआईए ने यह कार्यवाही गैर कानूनी गतिविधि अधिनियम के तहत अदालती आदेश के आधार पर की है। इस कार्यवाही में अधिकारियों की टीम बडगाम जिले के सोईबुग स्थित वांछित आतंकी सैयद सलाउद्दीन के पैतृक निवास के आसपास के क्षेत्रों में छापेमारी करने पहुँची। आगे बताया गया कि वहाँ पर टीम ने करीब 2 कनाल जमीन को कुर्क किया। साथ ही एनआईए की टीम ने जम्मू कश्मीर के लेथपोरा के सीआरपीएफ कैंप पर 2018 में हुए हमले के आधार पर पुलवामा के अवंतीपुरा क्षेत्र की करीब 6 दुकानों को कुर्क किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *