अयोध्या में राम मंदिर निर्माण तेजी से हो रहा है। अक्षय तृतीया के पावन मौके पर श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने निर्माण की तस्वीरें शेयर कीं। इन्हीं तस्वीरों को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने ट्विटर अकाउंट पर शेयर कर प्रतिक्रिया दी। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा कि प्रभु श्रीराम के करोड़ों भक्तों के लगातार किए गए प्रयासों के वजह से मंदिर निर्माण पूर्ण होने की ओर बढ़ रहा है। इसी ट्वीट को अपने पेज से रीट्वीट करते हुए सीएम योगी ने लिखा कि शताब्दियों के संघर्षों के पश्चात यह मंदिर मनुष्यता के श्रेष्ठतम प्रतिमान के रूप में “राष्ट्रमंदिर” की पहचान के साथ पूरा होने जा रहा है। सियावर रामचंद्र की जय। ट्रस्ट द्वारा समय – समय पर निर्माण कार्य की तस्वीरें जारी की जाती हैं। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव और विश्व हिंदू परिषद के नेता चंपत राय ने अपने ट्वीट में कहा कि रामभक्तों के असंख्य प्रयासों के बाद राम मंदिर अब पूरा होगा। जानकारी के मुताबिक इस वर्ष दिसंबर में गर्भगृह के निर्माण का कार्य पूर्ण हो जाएगा और अगले वर्ष मकर संक्रांति से भक्तों को गर्भगृह के दर्शन मिलना शुरू हो जाएँगे। निर्माणाधीन मंदिर की तस्वीरें सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रही हैं। भक्तगण भी इन्हें खूब शेयर कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *