विशाल विचार-शेखर सिद्दीकी ब्यूरो चीफ फतेहपुर

जनपद के बुंदेलखंड राष्ट्र समिति के “एक राखी बुंदेलखंड के नाम” महाअभियान के 33वें दिन सोमवार को खागा नगर के प्राथमिक विद्यालय में कार्यक्रम आयोजित हुआ। समिति के केंद्रीय अध्यक्ष प्रवीण पांडेय ‘बुंदेलखंडी’ ने कहा, “हमारे वोट से उनके बच्चे हवाई जहाज से विदेश में पढ़ते हैं, लेकिन हमारे बच्चे हवाई चप्पल को तरसते हैं। शिक्षा में यह असमानता स्वीकार्य नहीं है। हमें चाहिए — समान शिक्षा, समान अधिकार।” उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्रधानमंत्री को भेजी जा रही राखियों के साथ बुंदेलखंड की यह आवाज भी जाएगी कि “राखी का असली उपहार — पृथक बुंदेलखंड राज्य” ही होगा। कार्यक्रम का संयोजन दिल्ली विश्वविद्यालय के विधि स्नातक छात्र अभिनव त्रिपाठी ने किया। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन सिर्फ राजनीतिक नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय, शिक्षा और समान अवसर की लड़ाई है। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के पत्रकारिता छात्र उत्कर्ष त्रिवेदी ने कहा, “जब तक हर बच्चे को समान अवसर नहीं मिलेगा, तब तक विकास का सपना अधूरा रहेगा। हमारी राखियाँ सिर्फ प्रतीक नहीं, बल्कि संघर्ष का संदेश हैं।”
इस अवसर पर प्रधानाचार्य संध्या शुक्ला, रंजना, उमा त्रिपाठी, अभिनव त्रिपाठी सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम में बच्चों और महिलाओं की भी सक्रिय भागीदारी रही, जिन्होंने राखी बांधकर और पोस्टकार्ड लिखकर प्रधानमंत्री से बुंदेलखंड राज्य की मांग दोहराई। गौरतलब है कि बुंदेलखंड राष्ट्र समिति का यह महाअभियान पूरे बुंदेलखंड में एक साथ चल रहा है और अब तक लाखों राखियाँ प्रधानमंत्री कार्यालय को भेजी जा चुकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *