विशाल विचार | रवि श्रीवास्तव | जहानाबाद (फतेहपुर)
फतेहपुर जिले के जहानाबाद कस्बे के मियां टोला मोहल्ला में रहने वाले पप्पू के घर में उस वक्त कोहराम मच गया जब उनका दिव्यांग (मूक-बधिर) पुत्र अर्जुन रहस्यमय तरीके से गायब हो गया। परिवार पिछले चार दिनों से दर-दर भटककर अपने बेटे की तलाश कर रहा है, लेकिन अभी तक कोई सुराग नहीं मिल सका है।
पीड़ित पिता पप्पू ने थाना जहानाबाद में तहरीर देते हुए बताया कि उनका पुत्र अर्जुन मजदूरी करने जाता था। 10 अक्टूबर को मोहल्ले के ही निवासी लालाराम उसे काम के लिए अपने साथ ले गया था। दो दिन बाद लालाराम उनके घर आया और केवल अर्जुन का मोबाइल फोन लौटाते हुए बताया कि अर्जुन कहीं गुम हो गया है और वह उसकी तलाश कर रहा है।
हालांकि, अब चार दिन बीत जाने के बाद भी अर्जुन का कोई पता नहीं चला, जिससे परिवार में हड़कंप मचा हुआ है। पिता ने पुलिस से तत्काल खोजबीन कर बेटे को सकुशल खोजने की मांग की है।
स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से इस मामले में गंभीरता दिखाने और दिव्यांग युवक की सुरक्षित बरामदगी सुनिश्चित करने की अपील की है।
🚨 मुख्य बिंदु:
- मियां टोला निवासी दिव्यांग युवक अर्जुन चार दिन से लापता
- परिजन दर-दर भटकते हुए कर रहे हैं तलाश
- पिता ने थाना जहानाबाद में दी तहरीर
- पुलिस जांच में जुटी, पर अब तक नहीं मिला सुराग
