फतेहपुर। थरियांव थाना क्षेत्र के उसरेना गांव (एनएच-2) पर शनिवार की सुबह बड़ा हादसा होते-होते टल गया। कलकत्ता से झांसी की ओर जा रहा तेज रफ्तार ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने मकान और दुकान में घुस गया। इस दौरान ट्रक की चपेट में तीन मोटरसाइकिलें भी आ गईं, जो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। गनीमत रही कि हादसे के वक्त सड़क किनारे मौजूद लोग समय रहते हट गए, वरना जनहानि भी हो सकती थी।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों ने नाराजगी जताते हुए हंगामा किया, जिस पर पुलिस और लोगों के बीच हल्की झड़प भी हो गई। बाद में पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया और क्रेन की मदद से ट्रक को हाईवे से हटवाकर यातायात सामान्य कराया।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि नेशनल हाईवे पर सुरक्षा इंतजाम न होने से आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। सड़क किनारे दुकानदारों द्वारा किए गए अतिक्रमण और सर्विस रोड न होने को भी लोग हादसों की बड़ी वजह मान रहे हैं। उनका कहना है कि यदि यहां ओवरब्रिज या सर्विस रोड बना दिया जाए तो इन घटनाओं पर काफी हद तक रोक लग सकती है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पुलिस और प्रशासन की ओर से कई बार अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया, लेकिन कुछ ही दिनों में दोबारा दुकानें और ठेले लग जाते हैं। न दुकानदारों को कानून का डर है और न ही प्रशासनिक सख्ती का। इसी लापरवाही के चलते सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे।
— शेखर सिद्दीकी, ब्यूरो चीफ फतेहपुर
