विशाल विचार-शेखर सिद्दीकी ब्यूरो चीफ़ फतेहपुर

जनपद के असोथर थाना क्षेत्र के गाजीपुर–असोथर मार्ग स्थित बेसंडी मोड़ के पास बुधवार शाम एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस दर्दनाक दुर्घटना में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत नाजुक बताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों बाइकें तेज रफ्तार में थीं। गाजीपुर की ओर से आने वाले दो युवक शराब के नशे में थे, जिससे उनका नियंत्रण बिगड़ गया और बाइक सामने से आ रही दूसरी मोटरसाइकिल से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए और सवार सड़क पर दूर तक जा गिरे।

सूचना पाकर असोथर पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को गाजीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। वहां से गंभीर हालत के चलते सभी को जिला अस्पताल फतेहपुर रेफर कर दिया गया।

घायलों की पहचान इस प्रकार की गई —

  • महेंद्र तिवारी (25) पुत्र कैलाश चंद्र तिवारी, निवासी खुशवक्त राय नगर, फतेहपुर
  • राधा देवी (55) पत्नी स्व. सुंदर लाल
  • श्यामू (35) पुत्र स्व. सुंदर लाल, निवासी करहल थाना कोर्रा, जिला इटावा
  • कुलदीप सिंह (24) पुत्र चंदन सिंह, निवासी बेरूई थाना असोथर
  • धनराज सिंह (35) पुत्र जनक सिंह उर्फ गुलाब सिंह, निवासी बेरूई थाना असोथर

जानकारी के अनुसार महेंद्र तिवारी और उनके परिजन असोथर से फतेहपुर अपने परिजनों से मिलने जा रहे थे, जबकि दूसरी बाइक (UP 71 AX 7486) पर सवार कुलदीप सिंह और धनराज सिंह गाजीपुर से असोथर की ओर जा रहे थे।

हादसे के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिलों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि दो घायलों की स्थिति गंभीर बनी हुई है, जबकि बाकी तीन की हालत फिलहाल स्थिर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *