अवैध संबंध के शक में बिगड़ा विवाद, फॉरेंसिक टीम वा पुलिस अधीक्षक मौके में पहुंच जांच शुरू की
विशाल विचार-शेखर सिद्दीकी ब्यूरो चीप फतेहपुर
जनपद के गाजीपुर थाना क्षेत्र के लमेहटा गांव में शनिवार की रात अविश्वास और गुस्से का ऐसा खौफनाक रूप सामने आया जिसने पूरे गांव को दहला दिया। अवैध संबंध के शक में पति ने पहले अपनी पत्नी को गोली मारी और फिर खुद को भी गोली मारकर जान दे दी। इस दर्दनाक वारदात में पति-पत्नी दोनों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि घर की तीन मासूम बेटियां अनाथ हो गईं।
घटना शनिवार देर रात करीब 12 बजे की बताई जा रही है। मृतक दंपती की पहचान मुकेश निषाद (32 वर्ष) पुत्र लाखन निषाद और उसकी पत्नी गुड़िया देवी (29 वर्ष) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, मुकेश हाल ही में दिल्ली से अपने गांव लौटा था। गांव लौटने के बाद उसे शक हुआ कि उसकी पत्नी का पड़ोसी युवक से अवैध संबंध है। इस शक ने पति-पत्नी के बीच लगातार तनाव पैदा कर दिया था। शनिवार की रात विवाद इतना बढ़ गया कि आवेश में आकर मुकेश ने अपने ही घर में तमंचे से पत्नी को गोली मार दी और फिर खुद को भी गोली से उड़ा लिया। गोलियों की आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जहां दोनों खून से लथपथ हालत में पड़े थे। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही गाजीपुर थाना प्रभारी, फॉरेंसिक टीम और पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौके से तमंचा बरामद किया गया है।

एसपी अनूप कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला परिवारिक विवाद और अवैध संबंध के शक का प्रतीत होता है। फॉरेंसिक टीम से रिपोर्ट मिलने के बाद ही सटीक कारण स्पष्ट होगा। पुलिस ने मृतक के पड़ोसी युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि परिजनों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि मुकेश और गुड़िया के बीच पिछले कुछ दिनों से कहा-सुनी चल रही थी। लेकिन किसी ने यह नहीं सोचा था कि मामला इतना बढ़ जाएगा कि दोनों की जान चली जाएगी। गांव में मातम पसरा हुआ है और हर कोई इस घटना से स्तब्ध है।
सबसे हृदयविदारक पहलू यह है कि दंपती की तीन छोटी-छोटी बेटियां अब अनाथ हो गई हैं। एक ही रात में उनके सिर से मां-बाप दोनों का साया उठ गया। पूरा गांव इन मासूमों के भविष्य को लेकर चिंतित है। शक, अविश्वास और गुस्से के पल में लिया गया गलत फैसला दो जिंदगियों के साथ तीन मासूमों की दुनिया भी उजाड़ गया।
