सांस्कृतिक संगम सलेमपुर की प्रस्तुति, 9 अक्टूबर को राम बारात एवं 12 को होगा रावण दहन
रामेश्वर विश्वकर्मा रुद्रपुरी ब्यूरो चीफ विशाल विचार
देवरिया। श्रीरामलीला समिति, देवरिया के तत्वावधान में इस वर्ष भी भव्य रामायण मंचन का आयोजन होने जा रहा है। सांस्कृतिक संगम, सलेमपुर की कलाकार मंडली द्वारा मंचित यह रामलीला 8 अक्टूबर से 12 अक्टूबर तक प्रतिदिन सायं 8 बजे से शहर के रामलीला मैदान में होगी।
रामायण मंचन की शुरुआत बुधवार 8 अक्टूबर को राम जन्म, अहिल्या उद्धार, गंगा अवतरण, पुष्प वाटिका और धनुष यज्ञ के प्रसंगों से होगी। इसके बाद पांच दिनों तक क्रमवार विवाह, वनवास, शूर्पणखा प्रकरण, सीता हरण, बाली वध, अशोक वाटिका, मेघनाद वध से लेकर राज्याभिषेक तक की लीला प्रस्तुत की जाएगी। गुरुवार 9 अक्टूबर को अपरान्ह 2 बजे भव्य श्रीराम बारात नगर भ्रमण के लिए निकलेगी, जो रामलीला मैदान से प्रारंभ होकर नगर के विभिन्न मार्गों से होकर पुनः मैदान में लौटेगी। वहीं रविवार 12 अक्टूबर को सायं 4 बजे एसएसबीएल इंटर कॉलेज प्रांगण में रावण दहन का आयोजन होगा। रामलीला समिति के अध्यक्ष अरुण कुमार बरनवाल, मंत्री निखिल सोनी और कोषाध्यक्ष कमलेश कुमार मित्तल ने कहा कि रामलीला केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति और परंपराओं को भावी पीढ़ी तक पहुँचाने का माध्यम है। समिति ने नगरवासियों व क्षेत्रवासियों से सपरिवार शामिल होकर इस पावन आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।
