जनपद के चांदपुर थाना क्षेत्र के सरहन बुजुर्ग गांव स्थित देशी शराब की दुकान में हुई चोरी की वारदात का खुलासा पुलिस ने कर दिया है। दुकान मालिक के आरोप पर पुलिस ने जांच शुरू की तो पता चला कि यह चोरी किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि दुकान पर तैनात सेल्समैन ने ही साजिश के तहत अंजाम दी थी। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर बरामदगी करते हुए जेल भेज दिया है।

जानकारी के मुताबिक, ठेकेदार छेदा लाल पुत्र रामकिशोर निषाद, निवासी ग्राम केवटरा मजरा भरसा ने पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि उनकी दुकान पर तैनात सेल्समैन विशाल पुत्र अतर सिंह ने चोरी की योजना बनाई। ठेकेदार के अनुसार, 3 सितंबर की सुबह लगभग 7 बजे सेल्समैन ने फोन कर सूचना दी कि दुकान में चोरी हो गई है। जब वह मौके पर पहुंचे तो देखा कि लगभग 20 हज़ार रुपये नगद, एक डीवीआर मशीन, वाईफाई डिवाइस और सेटअप चोरी हो चुका था।

ठेकेदार ने पुलिस को संदेह जताया कि यह वारदात किसी बाहरी द्वारा नहीं बल्कि हिसाब-किताब में गड़बड़ी के चलते सेल्समैन ने खुद की है। उनका कहना था कि सेल्समैन पर पहले से कुछ लेन-देन का बकाया था और उसी से बचने के लिए उसने इस घटना को अंजाम दिया।

सूचना मिलते ही अमौली चौकी इंचार्ज दिग्विजय सिंह पुलिस टीम और फॉरेंसिक दल के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्र किए ताकि मामले को पुख्ता किया जा सके। वहीं पुलिस ने गुप्त जानकारी जुटाकर शक के आधार पर सेल्समैन को हिरासत में लिया और सख्ती से पूछताछ की।

पूछताछ के दौरान सेल्समैन विशाल टूट गया और उसने वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी गया सामान और नगदी बरामद कर ली। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया गया।

इस कार्रवाई के दौरान उपनिरीक्षक दिग्विजय सिंह, उपनिरीक्षक जय प्रकाश, कांस्टेबल अमित कुमार राय, अजय कुमार सहित पुलिस बल मौजूद रहा। पुलिस की त्वरित कार्यवाही और खुलासे की ग्रामीणों ने सराहना की है।

👉 संवाददाता : सुरेश पटेल जाफरगंज फतेहपुर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *