रामेश्वर विश्वकर्मा रुद्रपुरी ब्यूरो चीफ विशाल विचार

संजीव सिंह आर्चरी एकेडमी कन्हौली रुद्रपुर में हुआ भव्य आयोजन

देवरिया। रुद्रपुर के कन्हौली स्थित संजीव सिंह आर्चरी एकेडमी में शनिवार को उत्तर प्रदेश तीरंदाजी एसोसिएशन के तत्वावधान में अंडर-10 एवं अंडर-13 राज्य स्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्यमंत्री के सलाहकार व पूर्व एसीएस गृह अवनीश अवस्थी तथा केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्य मंत्री कमलेश पासवान ने संयुक्त रूप से तीर चलाकर किया।

कार्यक्रम की शुरुआत आरंभ है प्रचंड गीत की मनमोहक प्रस्तुति से हुई, जिसने पूरे माहौल को जोश और देशभक्ति से भर दिया।

मुख्य अतिथि अवनीश अवस्थी ने कहा कि, मैंने अपने जीवन में तीरंदाजी का इतना सिस्टमेटिक, साइंटिफिक और तकनीकी प्रशिक्षण पहली बार देखा है। संजीव सिंह आर्चरी एकेडमी उत्कृष्ट कार्य कर रही है और आने वाले समय में यहां से ओलंपिक, नेशनल और एशियन गेम्स में पदक जरूर आएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि खेलों के माध्यम से प्रदेश में एक हजार से अधिक युवाओं को पुलिस विभाग में रोजगार मिला है, जो प्रेरणादायक है।

केंद्रीय राज्य मंत्री कमलेश पासवान ने कहा, रुद्रपुर व बांसगांव क्षेत्र के लिए यह गर्व की बात है कि यहां देश के भविष्य को तराशने वाली इतनी सशक्त एकेडमी स्थापित हुई है। मैं संजीव सिंह को हार्दिक बधाई देता हूं और भरोसा दिलाता हूं कि इस एकेडमी को हर संभव सहयोग दिया जाएगा।

इस अवसर पर ओलंपियन संजीव सिंह ने मुख्य अतिथियों का स्वागत किया और कहा कि यह आयोजन बाल तीरंदाजों के उत्साह को बढ़ाने के लिए किया गया है। उन्होंने कहा कि एकेडमी का लक्ष्य ग्रामीण अंचलों से अंतरराष्ट्रीय स्तर के तीरंदाज तैयार करना है।

कार्यक्रम का संचालन श्रीनेत ग्लोबल स्कूल की प्रधानाध्यापिका डॉ. मधु सिंह ने किया।
इस दौरान पूर्व मंत्री/विधायक जयप्रकाश निषाद, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष अंतर्यामी सिंह, ओलंपियन आचार्य वेद कुमार, उप जिलाधिकारी हरिशंकर लाल, बीडीओ एजाज अहमद, प्रमुख प्रतिनिधि राम सुधारें पासवान, पवन सिंह, अनिल सिंह, खड्ग बहादुर सिंह, भगवान सिंह, रूपक, आलेख त्रिपाठी, सुभाष चौधरी, सहित विद्यालय के शिक्षक, कोच और प्रदेश भर के तीरंदाज मौजूद रहे।

कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ, और विजेताओं को सम्मानित करने की घोषणा की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *